क्रिकेट

IND vs SA: गिल की जगह नंबर 4 पर कौन करेगा बल्लेबाजी, कोच ने बताया नाम

IND vs SA 2nd Test: भारत के बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने गुवाहाटी में शनिवार से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट से पहले कप्तान शुभमन गिल की रिकवरी पर अपडेट दिया है। कोटक ने कहा कि गिल तेजी से रिकवर कर रहे हैं।

Image

शुभमन गिल (फोटो- AP)

IND vs SA: भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने गुवाहाटी में शनिवार से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच से पहले कप्तान शुभमन गिल की चोट पर महत्वपूर्ण अपडेट दिया है। गिल को कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान गर्दन में ऐंठन की परेशानी हुई थी, जिसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। कोटक ने बताया है कि गिल तेजी से ठीक हो रहे हैं, लेकिन खेलने का अंतिम फैसला डॉक्टर और फिजियो की सलाह पर ही निर्भर करेगा।

रिकवरी संतोषजनक, पर जोखिम बरकरार

कोटक ने गिल की प्रगति के बारे में बात करते हुए कहा, "वह निश्चित रूप से ठीक हो रहे हैं। मैं उनसे कल मिला था। फिजियो और डॉक्टरों को यह तय करना है कि अगर वह पूरी तरह से ठीक भी हो जाते हैं, तो मैच के दौरान ऐंठन दोबारा होने की संभावना है या नहीं। यह बहुत जरूरी है।"

कोच ने स्पष्ट किया कि टीम कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है। उन्होंने कहा, "अगर कोई भी संशय है, तो मुझे यकीन है कि वह एक और गेम के लिए आराम करेंगे। एक खिलाड़ी और कप्तान के रूप में शुभमन की कमी टीम को खलेगी।"

गिल के विकल्प के रूप में ध्रुव जुरेल को मौका संभव

बल्लेबाजी कोच ने भरोसा जताया कि अगर गिल बाहर होते हैं तो टीम के पास उनकी भरपाई के लिए पर्याप्त गहराई है। उन्होंने संकेत दिया कि गिल की जगह टीम में शामिल होने वाला खिलाड़ी भी निर्णायक प्रदर्शन कर सकता है।

कोटक ने कहा, "भारतीय टीम में गहराई है। अगर गिल दूसरे टेस्ट में नहीं खेलते हैं, तो हमारे पास उनकी जगह लेने के लिए अच्छे खिलाड़ी हैं। हो सकता है गिल की जगह खेलने वाला गुवाहाटी में शतक लगा दे।"बल्लेबाजी कोच ने यह भी संकेत दिया कि अगर गिल दूसरे टेस्ट में नहीं खेलते हैं, तो युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतर सकते हैं।

गुवाहाटी टेस्ट की अहमियत

भारतीय टीम के लिए गुवाहाटी में खेला जाने वाला यह टेस्ट मैच बेहद अहम है। कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट में भारतीय टीम 124 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी थी और दूसरी पारी में सिर्फ 93 रन पर सिमट गई थी, जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 15 साल बाद भारत में टेस्ट जीता था।अगर भारतीय टीम अगला टेस्ट जीतने में सफल नहीं रहती है, तो वह 25 साल बाद अपने घर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवाएगी। हालांकि, कोच कोटक और पूरी टीम को विश्वास है कि वे वापसी का दमखम रखते हैं और दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज को ड्रॉ करा सकते हैं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article