IND vs SA 1st Test Pitch Report In Hindi Today Match At Kolkata: दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत और दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) की टीमें शुक्रवार से पहले टेस्ट मैच में आमने-सामने होंगी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच ये भिड़ंत काफी रोमांचक होने वाली है क्योंकि दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (ICC World Test Championship) का खिताब जीता हुआ है। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच कोलकाता (Kolkata) में खेला जाना है। ये मैच WTC चक्र का हिस्सा होगा इसलिए दोनों टीमें जीत के लिए पूरा जोर लगाएंगी। भारतीय टेस्ट टीम की कमान 25 वर्षीय युवा कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) के हाथों में होगी, जबकि मेहमान दक्षिण अफ्रीकी टेस्ट टीम की अगुवाई करेंगे तेम्बा बावुमा (Temba Bavuma)। भारत-दक्षिण अफ्रीका पहला टेस्ट मैच सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा और मैच का टॉस 9 बजे होगा। कोलकाता में पिच कैसी होगी और कैसे हैं आंकड़े, सब कुछ यहां जानिए।
टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले आइए जान लेते हैं कि टेस्ट क्रिकेट इतिहास में इन दोनों टीमों का ट्रैक रिकॉर्ड आमने-सामने कैसा रहा है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक इतिहास में 44 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें टक्कर कांटे की रही है। दक्षिण अफ्रीका ने 18 टेस्ट मैचों में टीम इंडिया को मात दी है, जबकि भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 16 टेस्ट मैचों में हराया है। वहीं, 10 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे। मौजूदा सीरीज भारतीय जमीन पर होने जा रही है। भारत में इन दोनों टीमों के बीच आज तक 19 टेस्ट मैच हुए हैं जिसमें 11 मुकाबले मेजबान टीम इंडिया ने जीते हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका यहां सिर्फ 5 टेस्ट मैचों में भारत को हराने में सफल हो पाई है। तीन मैच ड्रॉ रहे थे।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पहले टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs SA 1st Test Pitch Report)
मेहमान दक्षिण अफ्रीका और मेजबान भारतीय टीम के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स (Eden Gardens) मैदान पर खेला जाना है। इस प्रतिष्ठित ग्राउंड की पिच की बात करें तो यहां पर बल्लेबाजों का दबदबा ज्यादा रहा है, जबकि गेंदबाजों में तेज गेंदबाज इस पिच पर ज्यादा हावी रहते हुए आए हैं। यहां एक पारी में अब तक का सर्वाधिक टेस्ट स्कोर 657/7 है जो भारत ने 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था। वहीं, न्यूनतम स्कोर 90 रन है जब वेस्टइंडीज ने 1983 में टीम इंडिया को सस्ते में ऑल-आउट कर दिया था। इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 324 रन है। यहां अब तक 42 टेस्ट मैच हुए हैं जिसमें घरेलू टीम को 13 मैचों में जीत मिली है, जबकि 9 मैचों में मेहमान टीम जीती है। कोलकाता में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 12 मैचों में जीत हासिल हुई है, जबकि बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने 10 मैच जीते हैं। इस मैदान पर अब तक 20 टेस्ट मैच ड्रॉ भी हो चुके हैं। कुल मिलाकर इस पिच पर रनों का अंबार लगते हुए देखने को मिल सकता है अगर तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से धार नहीं पकड़ी। वहीं, स्पिनर्स बीच के ओवरों में कारगर साबित होते नजर आ सकते हैं।
मैच से पहले शुभमन गिल ने पिच के बारे में क्या कहा (Shubman Gill Statement On Kolkata Pitch)
भारत-दक्षिण अफ्रीका कोलकाता टेस्ट से पहले ईडन गार्डन्स की पिच के बारे में बात करते हुए भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा, "अगर विकेट सूखा हो तो रिवर्स स्विंग अहम भूमिका निभाती है। इंग्लैंड के खिलाफ 2024 की सीरीज के दौरान फास्ट बॉलर्स ने अहम विकेट हासिल किए थे, जबकि पिचें स्पिनर्स के लिए फायदेमंद साबित हुई थीं। अगर पिच से रिवर्स स्विंग मिल रही हो तो तेज गेंदबाजों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।"
भारत और दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीमें (India and South Africa Test Squads)
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साइ सुदर्शन, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, अक्षर पटेल, देवदत्त पडिक्कल, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव।
दक्षिण अफ्रीकी टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), एडेन माक्ररम, डेवाल्ड ब्रेविस, जुबैर हमजा, टोनी डि जोर्जी, कोर्बिन बोश, वियान मूल्डर, मार्को यानसेन, केशव महाराज, सेनुरान मुथुस्वामी , कैगिसो रबाडा, साइमन हार्मर, रियान रिकेलटन, ट्रिस्टन स्टब्स और काइल वेरेन।
कोलकाता में कैसा रहेगा अगले 5 दिन का मौसम (Kolkata Weather Forecast)
भारतीय क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के बीच पहला टेस्ट मैच कोलकाता में होगा, इसलिए यहां के मौसम की जानकारी भी आपको दे देते हैं। अच्छी बात ये है कि कोलकाता में अगले 5 दिन बारिश के कोई आसार नहीं है और दिन में अच्छी धूप खिली रहेगी। उमस भी उतनी नहीं होगी जितनी आमतौर पर कोलकाता में रहती है। कोलकाता में अगले पांच दिन अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहने का अनुमान है।
