IND vs SA 1st ODI Pitch Report In Hindi Today Match At Ranchi: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार (30 November 2025) को तीन वनडे मैच की सीरीज का आगाज रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। दो मैच की टेस्ट सीरीज में 0-2 के अंतर से शर्मनाक हार का सामना करने के बाद भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका से वनडे फॉर्मेट में भिड़ते जा रही है। टेस्ट सीरीज में हार के बाद टीम इंडिया के लिए वनडे सीरीज साख का सवाल बन गई है। शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ी सीरीज से बाहर हैं। ऐसे में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे धाकड़ खिलाड़ियों से सजी टीम की कमान केएल राहुल(KL Rahul) के संभाल रहे हैं और टेम्बा बावुमा(Temba Bavuma) की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीका टीम से लोहा लेने के लिए तैयार है। भारत-दक्षिण अफ्रीका पहला वनडे मैच दोपहर 1:30 PM बजे से शुरू होगा और मैच का टॉस 1:00 बजे से होगा।
टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले पहले वनडे के आगाज से आइए जान लेते हैं कि वनडे क्रिकेट इतिहास में इन दोनों टीमों का ट्रैक रिकॉर्ड आमने-सामने कैसा रहा है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक इतिहास में 94 वनडे मैच खेले जा चुके हैं। जिसमें से 40 में टीम इंडिया और 51 में दक्षिण अफ्रीकी टीम को जीत मिली है। 3 मैच का कोई परिणाम नहीं निकला है। मौजूदा सीरीज भारतीय सरजमीं पर खेली जा रही है। भारत में इन दोनों टीमों के बीच मैचों में से 18 में भारत और 14 में दक्षिण अफ्रीका विजयी रहा है। साल 2016 अबतक दोनों टीमों के बीच 18 वनडे मैच खेले गए हैं जिसमें से 12 में भारत को और 6 में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली है।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पहले वनडे मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs SA 1st ODI Pitch Report)
मेहमान दक्षिण अफ्रीका और मेजबान भारतीय टीम के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (JSCA International Cricket Stadium, Ranchi) मैदान पर खेला जाएगा। इस मैदान पर खेला जाने वाला यह सातवां वनडे मैच होगा। यहां इससे पहले खेले गए 6 मैच में से तीन में भारतीय टीम को जीत मिली है जबकि दो मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा और एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकला। इस मैदान पहले खेले 6 मैच में से तीन मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं। ये तीनों ही मैच टीम इंडिया के खाते में गए हैं। दो बार टीम इंडिया इस मैदान पर विजयी लक्ष्य को हासिल करने से मामूली अंतर से चूक गई। इस लिहाज से देखें तो रांची की पिच पर जमकर रन बनते हैं। इस मैदान पर एक पारी में सबसे ज्यादा रन(313/5) ऑस्ट्रेलिया ने साल 2019 में बनाए थे। वहीं टीम इंडिया यहां जीत के लिए दूसरी पारी में 288 रन 7 विकेट खोकर श्रीलंका के खिलाफ साल 2014 में बनाए थे। ऐसे में पिच बल्लेबाजी के लिए मुफीद रहती है और ऐसा ही एक बार फिर होने की उम्मीद है। रांची में दूसरी पारी के दौरान ओस गिरती है। ऐसे में दूसरी पारी में गेंदबाजी करने वाली टीम के लिए लक्ष्य का बचाव कर पाना थोड़ा मुश्किल होता है। यहां पर न्यूनतम स्कोर 155 रन रहा है जो इंग्लैंड ने 2013 में टीम इंडिया के खिलाफ बनाया था।
भारत और दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीमें (India and South Africa ODI Squads)
भारत:
केएल राहुल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रुतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल।दक्षिण अफ्रीका:
तेम्बा बावुमा (कप्तान), एडेन मार्क्रम, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, क्विंटन डी कॉक, मार्को यानसन, टोनी डी जॉर्जी , रुबिन हरमन, ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, रयान रिकेलटन, प्रेनेलन सुब्रायन।रांची में रविवार(30 नवंबर, 2025) को कैसा रहेगा मौसम (Ranchi Weather Forecast)
भारतीय क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के बीच पहला वनडे मैच झारखंड की राजधानी रांची में में खेला जाएगा। रांची में रविवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा। क्रिकेट के लिए मौसम बेहद सुहाना रहेगा। शाम के वक्त मौसम में उमस रहेगी।
