क्रिकेट

IND vs PAK WCL Semi final: भारतीय खिलाड़ियों ने किया सेमीफाइनल के बहिष्कार का ऐलान, मैच के आयोजन पर लटकी तलवार

India vs Pakistan WCL 2025 Semi final cancelled: वर्ल्ड चैंपियनशीप ऑफ लीजेंड्स में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाने वाला सेमीफाइनल मैच रद्द होने की कगार पर आ गया है। भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इंकार कर दिया है और इसका आधिकारिक ऐलान जल्द ही हो सकता है।

Image

भारत बनाम पाकिस्तान (फोटो- WCL)

India vs Pakistan WCL 2025 Semi final cancelled: वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल मुकाबला होने के आसार कम नजर आ रहे हैं।। सूत्रों के अनुसार, इंडिया चैम्पियंस की टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल खेलने से इनकार कर दिया है। यह फैसला उसी रुख का हिस्सा है, जिसके चलते भारत ने ग्रुप स्टेज मुकाबले में भी पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया था।

युवराज सिंह की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन, लेकिन पाकिस्तान से नहीं खेलेंगे

भारत ने मंगलवार को वेस्टइंडीज चैम्पियंस को सिर्फ 13.2 ओवरों में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। टीम की अगुवाई युवराज सिंह कर रहे हैं, जबकि टीम में शिखर धवन, यूसुफ पठान, इरफान पठान और पीयूष चावला जैसे पूर्व सितारे शामिल हैं। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल खेलने के सवाल पर खिलाड़ियों ने साफ मना कर दिया है।

स्पांसर ने भी खींचा हाथ

इस पूरे घटनाक्रम में बड़ा मोड़ तब आया जब टूर्नामेंट के प्रमुख प्रायोजकों में से एक इज माय ट्रीप ने भी इंडिया-पाकिस्तान सेमीफाइनल से हटने की घोषणा की। कंपनी के सह-संस्थापक निशांत पिट्टी ने कहा कि -“टीम इंडिया @India_Champions को उनकी शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल सिर्फ एक और मैच नहीं है। आतंक और क्रिकेट साथ नहीं चल सकते। इज माय ट्रीप इस मुकाबले से नहीं जुड़ा रहेगा। देश पहले, व्यापार बाद में – हमेशा।”

एशिया कप को लेकर विवाद

भारत और पाकिस्तान के बीच हालात अप्रैल में पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद और खराब हुए थे, जिसके बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों में तीव्र गिरावट आई। इसी वजह से एशिया कप 2025 का कार्यक्रम सामने आते ही विवाद शुरू हो गया था। टूर्नामेंट में भारत 14 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगा और यदि दोनों टीमें अगले दौर में पहुंचती हैं तो 21 और 28 सितंबर को दो और मुकाबले संभव हैं। इससे पहले भारत के पूर्व खिलाड़ियों जैसे सुरेश रैना और शिखर धवन ने भी सार्वजनिक रूप से पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया था, जिससे ग्रुप स्टेज का मुकाबला रद्द करना पड़ा था।

टूर्नामेंट में भारत का सफर

भारत के लिए WCL 2025 की शुरुआत निराशाजनक रही थी। पहला मुकाबला उन्होंने साउथ अफ्रीका चैम्पियंस के खिलाफ DRS विवाद के चलते 88 रनों से गंवाया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया से 4 विकेट और इंग्लैंड से 23 रनों से हार मिली। पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच रद्द हो गया और टीम को एक अंक मिला।वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार जीत ने सेमीफाइनल का रास्ता साफ किया, लेकिन अब जब पाकिस्तान से भिड़ंत की बारी आई तो टीम ने अपना स्पष्ट रुख दोहराया।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article