IND vs ENG T20 World Cup 2026 2nd Semi Final Match Timing Today: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में आज दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला जाना है। अब बस एक मैच और तय हो जाएगा कि फाइनल की दो टीमें कौन सी होने वाली हैं। न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर टी20 विश्व कप फाइनल (T20 World Cup Final) में जगह बना ली है। अब आज दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड (India vs England) की टीमें आमने-सामने आने जा रही हैं। सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की टीम इंडिया के लिए ये मुकाबला बहुत अहम रहने वाला है और उनके सामने बड़ी चुनौती भी होगी क्योंकि एक तो टीम इंडिया अपने घर में खेल रही है और दूसरी तरफ हैरी ब्रूक (Harry Brook) की कप्तानी वाली उस इंग्लैंड की टीम के खिलाफ मैच है जो इस समय शानदार लय में नजर आ रही हैं।
भारतीय टीम का टी20 विश्व कप 2026 में सफरः टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप में अब तक शानदार क्रिकेट खेला है, बस सुपर 8 मैच में उसे एक हार का सामना करना पड़ा। ग्रुप स्टेज से शुरुआत हुई जहां भारत ने पहले मैच में यूएसए को 29 रन से हराया, फिर नामीबिया पर 93 रन से जीत दर्ज की। उसके बाद तीसरे मैच में पाकिस्तान को 61 रन से परास्त किया। चौथे मैच में भारत ने नीदरलैंड को 17 रन से हराया। इसके बाद भारत सुपर 8 चरण में पहुंचा जहां पहले ही मैच में उसे दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम ने 76 रन से हरा दिया। यहां से टीम इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने के समीकरण थोड़े बिगड़ गए थे। हालांकि भारत ने अगले दो मैचों में पहले जिम्बाब्वे को 72 रन से हराया और आखिरी रोमांचक मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 196 रनों के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए 4 गेंदें शेष रहते 5 विकेट से जीत दर्ज की। संजू सैमसन (Sanju Samson) की मैच जिताऊ पारी ने भारत को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।
इंग्लैंड टीम का टी20 विश्व कप 2026 में सफरः इंग्लैंड क्रिकेट टीम की बात करें तो उनके लिए टी20 विश्व कप के ग्रुप चरण के मैच थोड़े उतार-चढ़ाव भरे रहे। पहले मैच में वे नेपाल से हारते-हारते बचे, उस मैच को उन्होंने सिर्फ 4 रन से जीता। उसके बाद दूसरे मैच में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रन से मात दे दी। तीसरे मुकाबले में स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हराकर फिर से जीत के ट्रैक पर लौटी इंग्लैंड, जबकि अंतिम ग्रुप चरण मैच में इटली को 24 रन से हराकर उन्होंने सुपर 8 में जगह बना ली। सुपर 8 चरण के पहले मैच में इंग्लैंड ने विश्व कप की सह-मेजबान श्रीलंका को 51 रन से करारी मात दी। दूसरे सुपर 8 मैच में पाकिस्तान को 2 विकेट से परास्त किया और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वे यहीं नहीं रुके, उन्होंने सुपर 8 के तीसरे व अंतिम मैच में न्यूजीलैंड को भी 4 विकेट से हरा दिया और अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
भारत और इंग्लैंड के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच किस तारीख को होना है? (IND vs ENG T20 World Cup 2nd Semi Final Match Date)
भारत और इंग्लैंड की टीमों के बीच T20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच 5 मार्च 2026, गुरुवार को खेला जाना है।
भारत की टीम और इंग्लैंड की टी20 टीम के बीच T20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल मैच कहां खेला जाना है? (IND vs ENG T20 World Cup Semi Final Match Venue)
भारतीय टीम और इंग्लैंड की टीम के बीच टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच मुंबई के वानखेडे़ (Wankhede Stadium) में आयोजित होने जा रहा है।
इंडिया-इंग्लैंड टी20 विश्व कप का दूसरा सेमीफाइनल मैच आज कितने बजे शुरू होगा? (IND vs ENG Semi Final Match Time Today)
आज भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांचक दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। मैच का टॉस 6:30 बजे होगा। मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम इस विश्व कप में कई बड़े स्कोर और पारियां देख चुका हैं, यहां की पिच बल्लेबाजों को ज्यादा मदद करती है, ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि कौन इस परिस्थिति का फायदा उठा पाएगा।
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच आज होने वाली भिड़ंत को भारत में टीवी पर कहां देख सकेंगे? (IND vs ENG T20 World Cup Match 2nd Semi Final TV Telecast Channel In India)
भारत और इंग्लैंड के बीच आज टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल मैच को भारत में आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के तमाम चैनलों पर अलग-अलग भाषाओं में लाइव देख सकेंगे।
भारत और इंग्लैंड T20 वर्ल्ड कप सेमी फाइनल मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग आज कहां देख सकते हैं? (IND vs ENG T20 World Cup Semi Final Match Live Streaming Today)
इंग्लैंड और भारत के बीच टी20 विश्व कप सेमी फाइनल मैच की लाइव स्ट्रीमिंग आप जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट (JioHotstar App And Website) पर देख सकते हैं।
T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत और इंग्लैंड के आमने-सामने के आंकड़ेः टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच अब तक 19 मैच हुए हैं, जिनमें भारत ने 17 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि इंग्लैंड ने 12 टी20 मुकाबलों में इंग्लैंड को शिकस्त दी है।
टी20 विश्व कप इतिहास में इंडिया और इंग्लैंड के आंकड़े, एक दिलचस्प पहलू भी हैः आईसीसी टी20 विश्व कप के इतिहास में भारतीय टीम और इंग्लैंड टीम के बीच अब तक 5 मुकाबले हुए हैं। इन मैचों में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 3 बार हराया है। जबकि इंग्लैंड ने भारत को 2 बार टी20 विश्व कप मैच में मात दी है। यहां दिलचस्प पहलू ये है कि भारत की टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ एक जीत सेमीफाइनल में पहले भी आ चुकी है और वो पिछले ही टी20 विश्व कप में हुआ था जहां भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 68 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी और बाद में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब भी जीता था। इस बार दक्षिण अफ्रीका फाइनल में नहीं पहुंच पाई है और अब भारत और इंग्लैंड में जो जीतेगा, वो फाइनल में न्यूजीलैंड से खिताब के लिए टकराने वाला है।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
