क्रिकेट

IND vs ENG: क्या शुभमन गिल को कप्तान बनाकर बीसीसीआई ने किया सही फैसला? पोंटिंग ने दिया जवाब

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज का आयोजन 20 जून से किया जाने वाला है। इस सीरीज से पहले टीम इंडिया के नए कप्तान का ऐलान कर दिया गया है। बीसीसीआई ने शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी है इस पर रिकी पोंटिंग ने अपनी राय रखी है।

Image

शुभमन गिल (फोटो- BCCI)

IND vs ENG: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और क्रिकेट विशेषज्ञ रिकी पोंटिंग का मानना है कि भारतीय टीम ने टेस्ट कप्तानी शुभमन गिल को सौंपकर सही निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि गिल को लंबे समय तक इस भूमिका में मौका दिया जाना चाहिए ताकि वह अपनी क्षमता साबित कर सकें।

भारतीय टीम 20 जून से इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ खेलेगी, जहां उन्हें विराट कोहली, रोहित शर्मा, रविचंद्रन अश्विन के संन्यास और मोहम्मद शमी की अनुपस्थिति का सामना करना होगा। इस नए दौर में युवा टीम की कमान गिल के हाथों में होगी, जिसे पोंटिंग ने सही कदम बताया।

"बुमराह की चोटों को देखते हुए गिल बेहतर विकल्प"

आईसीसी रिव्यू को दिए इंटरव्यू में पोंटिंग ने कहा, "मुझे लगता है कि यह सही फैसला है। बहुत से लोग सवाल कर रहे हैं कि जसप्रीत बुमराह को कप्तान क्यों नहीं बनाया गया, लेकिन मैं इसे सरलता से समझता हूँ। बुमराह पिछले कुछ सालों से चोटों से जूझ रहे हैं, और आप अपने कप्तान को लगातार इस स्थिति में नहीं देखना चाहेंगे। इसलिए, मेरी नज़र में गिल को कप्तान बनाना उचित है।"उन्होंने आगे कहा, "भारतीय क्रिकेट ने एक बार यह निर्णय ले लिया है, तो उन्हें इस पर अडिग रहना चाहिए और गिल को लंबे समय तक नेतृत्व करने का मौका देना चाहिए।"

"भारत बदलाव के इस दौर को बेहतर ढंग से संभालेगा"

पोंटिंग ने माना कि अनुभवी खिलाड़ियों की जगह भरना आसान नहीं होता, लेकिन भारत के पास युवा प्रतिभाओं का भंडार है, जो इस संक्रमण काल को अन्य टीमों के मुकाबले बेहतर तरीके से प्रबंधित कर सकता है।उन्होंने कहा, "कोहली, रोहित और अश्विन जैसे दिग्गजों की जगह लेना हमेशा मुश्किल होता है, लेकिन अगर कोई टीम इस चुनौती का सामना कर सकती है, तो वह भारत है। मैंने पिछले 10 सालों में आईपीएल में यशस्वी जायसवाल जैसे युवाओं को उभरते देखा है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया है।"उन्होंने आगे कहा, "हालांकि गिल युवा कप्तान हैं, लेकिन केएल राहुल और बुमराह जैसे अनुभवी खिलाड़ी उन्हें सही मार्गदर्शन दे सकते हैं।"

"अर्शदीप सिंह को इंग्लैंड टेस्ट में मिलना चाहिए मौका"

पोंटिंग, जो पंजाब किंग्स के कोच रह चुके हैं, ने युवा लेफ्ट-आर्म तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ में जगह देने की सिफारिश की।उन्होंने कहा, "मैं वास्तव में अर्शदीप को टेस्ट टीम में देखना चाहूंगा। वह एक कुशल गेंदबाज हैं और उन्हें काउंटी क्रिकेट का अनुभव भी है। वह इंग्लैंड की परिस्थितियों से परिचित हैं, और ड्यूक गेंद से उन्हें अच्छी स्विंग मिल सकती है।"

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article