क्रिकेट

IND vs ENG: विराट और रोहित के जाने से इंग्लैंड क्रिकेट टीम को होगा बंपर फायदा, पूर्व क्रिकेटर ने की बड़ी भविष्यवाणी

India vs England: भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड दौरे से पहले एक बड़ा झटका लग गया है। दरअसल टीम के दोनों दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टीम से संन्यास का ऐलान कर दिया है। ऐसे में मोईन अली के मुताबिक टीम इंडिया को इससे नुकसान हो सकता है।

Image

विराट रोहित (फोटो- PTI)

India vs England: इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन अली का मानना है कि भारत के दो दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली की टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद आगामी इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया को भारी नुकसान होगा और इसका सीधा फायदा मेज़बान टीम को मिलेगा। मोईन ने यह भी कहा कि शुभमन गिल भारत की अगुआई करने के लिए सबसे उपयुक्त विकल्प हो सकते हैं, भले ही उनके पास टेस्ट कप्तानी का अनुभव न हो।भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज़ 20 जून से हेडिंग्ले में होगा। यह सीरीज़ 2025-2027 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र की भी शुरुआत करेगी।

"रोहित-विराट की कमी से भारत कमजोर होगा"

'स्काई स्पोर्ट्स' से बातचीत में मोईन ने कहा, “निश्चित रूप से रोहित और विराट की गैरमौजूदगी इंग्लैंड के लिए बहुत बड़ा फायदा है। ये दोनों खिलाड़ी कई बार इंग्लैंड का दौरा कर चुके हैं और इनके पास विशाल अनुभव है। रोहित ने पिछली बार इंग्लैंड में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इन दोनों की मौजूदगी टीम इंडिया को मजबूती देती थी, इसलिए इनका न होना भारत के लिए बहुत बड़ा नुकसान है।”

गिल को मिल सकती है कमान

मोईन अली ने कहा कि शुभमन गिल, जो अभी तक टेस्ट या वनडे में भारत की कप्तानी नहीं कर चुके हैं, एक मजबूत नेतृत्वकर्ता साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि शुभमन गिल को कप्तान बनाया जा सकता है। आदर्श रूप से बोर्ड जसप्रीत बुमराह को कप्तान बनाना चाहेगा क्योंकि वह अच्छे नेता हैं और पहले भी यह भूमिका निभा चुके हैं। लेकिन बुमराह के चोटिल होने की संभावना को देखते हुए गिल एक सुरक्षित और प्रतिभाशाली विकल्प हो सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “गिल ने आईपीएल में गुजरात टाइटन्स की कप्तानी की है। भले ही उनके पास टेस्ट कप्तानी का अनुभव नहीं है, लेकिन वह एक समझदार और शांत कप्तान हैं। इंग्लैंड की परिस्थितियों में कप्तानी करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण जरूर होगा, लेकिन उनके पास क्षमता है।”

कोहली का संन्यास टेस्ट क्रिकेट के लिए झटका

मोईन ने विराट कोहली की जमकर तारीफ की और उनके संन्यास को टेस्ट क्रिकेट के लिए एक बड़ा नुकसान बताया। उन्होंने कहा, “कोहली टेस्ट क्रिकेट में एक प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने इस फॉर्मेट को आगे बढ़ाया, उसका स्तर ऊंचा किया। उनके खेलने का तरीका, जुनून और कप्तानी का अंदाज़ लाजवाब था। सचिन तेंदुलकर के बाद शायद वही एक ऐसे खिलाड़ी रहे हैं, जिनके लिए स्टेडियम भरते थे।”

उन्होंने कहा, “कोहली ने भारतीय क्रिकेट को बहुत कुछ दिया है और उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उनकी आक्रामकता और प्रतिस्पर्धात्मक रवैया उन्हें एक विशेष खिलाड़ी बनाता है। उनके जाने से टेस्ट क्रिकेट को बड़ा झटका लगा है।”

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article