क्रिकेट

IND vs BAN: बांग्लादेश के लिए बुरी खबर, कप्तान लिटन दास मैच से पहले चोटिल

Litton Das Injury: भारत के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले से पहले बांग्लादेशी कप्तान लिटन दास के चोटिल होने की आशंका है। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को आईसीसी एकेडमी ग्राउंड में ट्रेनिंग के दौरान पीठ में खिंचाव आ गया।

Image

लिटन दास (फोटो- AP)

Litton Das Injury: एशिया कप 2025 के सुपर-4 चरण में भारत और बांग्लादेश का अहम मुकाबला बुधवार को खेला जाना है। इस मैच से पहले बांग्लादेशी खेमे के लिए बुरी खबर आई है। टीम के कप्तान लिटन दास ट्रेनिंग के दौरान चोटिल हो गए हैं।आईसीसी एकेडमी ग्राउंड में नेट प्रैक्टिस के दौरान दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने स्क्वायर कट खेलने की कोशिश की, तभी उन्हें पीठ के निचले हिस्से में खिंचाव महसूस हुआ। दर्द बढ़ने पर उन्हें तुरंत अभ्यास सत्र छोड़ना पड़ा।

फिजियो ने की जांच, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

चोट लगते ही बांग्लादेश टीम के फिजियो बायजीद उल इस्लाम ने मैदान पर ही लिटन दास की जांच की। हालांकि, उन्हें बाहर से कोई गंभीर परेशानी नहीं दिखी।बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के एक अधिकारी ने ‘क्रिकबज’ को बताया कि "हम मंगलवार को लिटन दास की जांच करेंगे। वह बाहर से बिल्कुल ठीक नजर आ रहे हैं, लेकिन किसी भी तरह का अंतिम फैसला लेने से पहले मेडिकल परीक्षण जरूरी है।"

भारत के खिलाफ अनुपस्थिति होगी बड़ा झटका

भले ही लिटन दास को इस समय ज्यादा तकलीफ नहीं है, लेकिन अगर वह भारत के खिलाफ नहीं खेल पाते, तो यह बांग्लादेश टीम के लिए एक बड़ा झटका होगा। दास टीम के कप्तान होने के साथ-साथ बल्लेबाजी क्रम की भी अहम कड़ी हैं।

भारत का अब तक का सफर

  • पहले मैच में यूएई को 9 विकेट से हराया।
  • पाकिस्तान के खिलाफ 7 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की।
  • इसके बाद ओमान को 21 रन से मात दी।
  • सुपर-4 में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर टीम इंडिया ने जीत का सिलसिला बरकरार रखा।

बांग्लादेश का अभियान

दूसरी ओर, बांग्लादेश ने अपने अभियान की शुरुआत हांगकांग को 7 विकेट से हराकर की थी। हालांकि, टीम को श्रीलंका के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी।इसके बाद टीम ने वापसी करते हुए अफगानिस्तान को 8 रन से हराया और सुपर-4 मुकाबले में श्रीलंका को 4 विकेट से मात दी।

टीम इंडिया की स्क्वॉड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हर्षित राणा, रिंकू सिंह।

बांग्लादेश की स्क्वॉड

लिटन दास (कप्तान), परवेज हुसैन इमोन, सैफ हसन, तौहीद हिरदॉय, जेकर अली, शमीम हुसैन, नुरुल हसन, मेहदी हसन, रिशद हुसैन, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, शोरफुल इस्लाम, मोहम्मद सैफुद्दीन, तंजीद हसन तमीम।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article