ICC WTC Final Date: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सोमवार को अहमदाबाद में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा व अंतिम टेस्ट मैच ड्रॉ रहा। जिसके साथ ही भारत ने इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया और खिताब को अपने पास बरकरार रखा। टीम इंडिया बेशक चौथा टेस्ट नहीं जीत सकी, लेकिन हजारों किलोमीटर दूर न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में मेजबान कीवी टीम और श्रीलंका के बीच खेले गए टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड ने अंतिम गेंद पर जो जीत दर्ज की, उसने भारत की आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में एंट्री करा दी।
न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को एक रोमांचक टेस्ट मैच में 2 विकेट से मात दी। कीवी टीम को अंतिम गेंद पर 1 रन चाहिए था और केन विलियमसन ने रन आउट होने से बचते-बचते आखिरी रन पूरा किया। न्यूजीलैंड को मैच जीतने की खुशी होगी लेकिन उस एक जीत ने करोड़ों भारतीय फैंस और टीम इंडिया के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी, क्योंकि भारत ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना ली।
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर रहा और भारत दूसरे नंबर पर रहते हुए फाइनल में पहुंचने में सफल रहा। इसी के साथ टीम इंडिया लगातार दो बार टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। पिछली बार उन्हें न्यूजीलैंड ने हराकर खिताब जीता था, इस बार भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के सामने होगी।
कब और कहां होगा WTC फाइनल 2023?
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 7 जून 2023 को इंग्लैंड के केनसिंगटन ओवल मैदान पर खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा।
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में अब शीर्ष की दो टीमों की स्थिति इस प्रकार है- पहले नंबर पर मौजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम 66.67% जीत प्रतिशत के साथ सबसे आगे है, वहीं 58.8% जीत प्रतिशत के साथ भारत दूसरे स्थान पर रहते हुए टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंच गया है।
