क्रिकेट

IND vs AUS 3rd T20I: भारत ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टी20 में होबार्ट में होगी भिड़ंत, हेजलवुड की गैरमौजूदगी में सीरीज बराबर करने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम रविवार को होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे टी20 में उतरेगी। जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया की नजर सीरीज में बराबरी करने पर होगी।

Image

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया तीसरा टी20 मैच प्रीव्यू

होबार्ट: तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की अनुपस्थिति में भारतीय बल्लेबाजों को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को होने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में थोड़ी राहत मिलेगी और वह पहले से बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को अंतिम एकादश में जगह मिल पाती है या नहीं क्योंकि उनको लगातार बाहर रखने पर सवाल उठने लग गए हैं।

हेजलवुड की गैरमौजूदगी का होगा टीम इंडिया को फायदा

सही लंबाई पर गेंद डालने में हेजलवुड की सटीकता और उछाल, भारतीय बल्लेबाजों के लिए दुःस्वप्न बन गई। ऑस्ट्रेलिया को इस महीने के आखिर में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला खेलनी है और उसे देखते हुए हेजलवुड को विश्राम दिया गया है। स्टार सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने मेलबर्न में खेले गए दूसरे मैच के बाद कहा था,'यह निश्चित रूप से राहत की बात होगी। मैंने ऐसी गेंदबाजी का सामना पहले कभी नहीं किया।' ऐसी स्थिति में भारतीय बल्लेबाजों को राहत मिलना स्वाभाविक है और वे जेवियर बार्टलेट, नेथन एलिस या सीन एबॉट जैसे गेंदबाजों का सामना करते समय अधिक आश्वस्त महसूस करेंगे।

सूर्या और गिल को परेशान कर रहा है अतिरिक्त उछाल

कप्तान सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल दोनों को अतिरिक्त उछाल और अच्छी सीम मूवमेंट वाली गेंदों से निपटने में दिक्कत हो रही है। सूर्यकुमार और गिल ने कैनबरा में बारिश से प्रभावित मैच में अच्छी बल्लेबाजी की थी और वह उसको दोहराने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। यह मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया था।

होबार्ट का मैदान है छोटा

होबार्ट स्थित बेलेरिव ओवल एक ऐसा मैदान है, जहां दोनों तरफ की सीमा रेखा छोटी है और ऐसे में शार्ट पिच गेंद पर कवर, प्वाइंट, स्क्वायर लेग या मिड-विकेट पर लंबे शॉट लगाए जा सकते हैं। बेलेरिव ओवल वह मैदान है जहां विराट कोहली ने 2012 में श्रीलंका के खिलाफ 321 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 86 गेंदों में नाबाद 133 रन की शानदार पारी खेली थी। बेलेरिव ओवल की पिच पारंपरिक रूप से सफेद गेंद से होने वाले मैचों के लिए उपयुक्त मानी जाती है। यह तेज गेंदबाज एलिस का बीबीएल में घरेलू मैदान भी है, जो स्थानीय फ्रेंचाइजी होबार्ट हरिकेंस के कप्तान हैं।

बल्लेबाजी की गहराई हो रही है चर्चा

इस दौरे पर बल्लेबाजी की गहराई को लेकर भारतीय टीम प्रबंधन का जुनून चर्चा का विषय रहा है और एमसीजी में 125 रन के मामूली स्कोर पर आउट होने के बाद उसकी इस रणनीति पर सवाल उठने लग गए हैं। अतिरिक्त उछाल वाली पिच पर भारत तीन स्पिनरों के साथ उतरा और एक बार फिर अर्शदीप को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली, जबकि वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले एकमात्र भारतीय गेंदबाज हैं।

अर्शदीप को मिलना चाहिए मौका

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अर्शदीप सिंह को बाहर रखने के फैसले पर हैरानी व्यक्त करते हुए अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था,'अगर जसप्रीत बुमराह खेल रहे हैं, तो अर्शदीप सिंह का नाम सूची में दूसरे स्थान पर होना चाहिए। अगर बुमराह नहीं खेल रहे हैं, तो अर्शदीप सिंह का नाम सूची में पहले स्थान पर होगा।'

हर्षित की गेंदबाजी में नहीं है निरंतरता

अगर आंकड़ों पर गौर करें तो स्पष्ट हो जाता है कि पिछले 15 से 20 मैचों में भारत के आठवें नंबर के बल्लेबाज ने प्रति पारी औसतन पांच गेंदों का सामना किया है और यही वजह है कि टीम प्रबंधन की इस रणनीति पर सवाल उठने लग गए हैं। भारतीय टीम प्रबंधन अर्शदीप के बजाय हर्षित राणा को प्राथमिकता दे रहा है जिन्होंने पिछले मैच में 33 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए। यदि चार गेंदों पर बाउंड्री से बनाए गए 18 रन को हटा दिया जाए, तो दिल्ली के इस ऑलराउंडर ने 29 गेंदों पर 17 रन बनाए। उन्होंने ऐसे समय में गेंद बर्बाद की जबकि दूसरे छोर पर अभिषेक शर्मा खड़े थे और उन्हें स्ट्राइक लेने का मौका नहीं मिल रहा था। जहां तक गेंदबाजी का सवाल है तो हर्षित की गेंदबाजी में निरंतरता का अभाव है।

होबार्ट में तेज गेंदबाजों को मिल सकती है मदद

अब यहां देखना दिलचस्प होगा कि अर्शदीप को उनकी जगह अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है या नहीं। अगर टीम प्रबंधन हर्षित को टीम में बनाए रखने की रणनीति पर कायम रहता है तब भी अर्शदीप को किसी एक स्पिनर के स्थान पर अंतिम एकादश में रखना चाहिए क्योंकि यहां के विकेट से स्विंग मिलने की संभावना है।

दोनों टीम इस प्रकार हैं:

भारत:

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर।

ऑस्ट्रेलिया:

मिशेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन, टिम डेविड, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, ग्लेन मैक्सवेल, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, मिशेल ओवेन, जोश फिलिप, तनवीर संघा, मैथ्यू शॉर्ट और मार्कस स्टोइनिस।

मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:45 पर शुरू होगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article