क्रिकेट

IND Vs AUS, T20 World Cup 2024: रोहित ने रचा इतिहास, T20I क्रिकेट में ऐसा करने वाले पहले बैटर बने, रिकॉर्ड की लगाई झड़ी

Rohit Sharma Record: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सुपर-8 के मैच में टीम इंडिया के कप्तान हिटमैन ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने इस मुकाबले में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

Image

रोहित शर्मा (साभार-AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • रोहित शर्मा ने पूरे किए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 छक्के
  • ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
  • T20I क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने

IND Vs AUS, T20 World Cup 2024, Rohit Sharma Record: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मस्ट विन मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत भले अच्छी न रही हो, लेकिन कप्तान हिटमैन अलग ही मूड में नजर आए। विराट बिना खाता खोले जब आउट हुए तो लगा कि टीम इंडिया मुश्किल परिस्थिति में फंसेगी, लेकिन जल्द ही रोहित ने बता दिया कि आज कंगारुओं की खऐर नहीं। उन्होंने पारी के तीसरे ही ओवर में मिचेल स्टार्क को आड़े हाथों लिया और 4 छक्कों और 1 चौके की मदद से 29 रन कूट डाले।

19 गेंद में जड़ा अर्धशतक (IND Vs AUS, T20 World Cup 2024 Rohit Sharma Record )

रोहित की विस्फोटक बल्लेबाजी यहीं नहीं रुकी। उन्होंने केवल 19 गेंद में 4 चौके और 5 छक्कों अपना अर्धशतक पूरा किया। यह टी20 वर्ल्ड कप 2024 की सबसे तेज अर्धशतकीय पारी है। उन्होंने अमेरिका बल्लेबाज एरॉन जोन्स को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने कनाडा के खिलाफ मैच में 22 गेंद में अर्धशतक जड़ा।

T20I क्रिकेट में पूरा किया 200 छक्के

रोहित शर्मा ने अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 छक्के भी पूरे कर लिए। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। अब रोहित के नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 157 मैच की 149 पारी में 203 छक्के हो गए हैं। छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर मार्टिन गप्टिल हैं जिनके नाम 173 छक्के हैं।

T20I क्रिकेट में नंबर वन पर रोहित

रोहित शर्मा 41 गेंद में 7 चौके और 8 छक्कों की मदद से 91 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस पारी के साथ ही वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में नंबर वन बल्लेबाज बन गए। उन्होंने बाबर आजम को पीछे छोड़ दिया। अब रोहित 157 मैच की 149 पारी में 4,165 रन के साथ टॉप पर पहुंच गए हैं। 4,145 रन के साथ बाबर आजम दूसरे नंबर पर जबकि 4,103 रन के साथ किंग कोहली तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article