Prayagraj News: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज जिले में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर 602 आवासों के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इसके साथ ही गरीबों के आशियाने बनने शुरू हो गए हैं। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को आवास की चाबी भी वितरण की। माफिया-मुक्त प्रदेश अभियान के तहत कासारी-मसारी में माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आशियाने बनाए जाएंगे।
सीएम योगी ने किया भूमि पूजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद कहा कि माफिया अतीक और अशरफ जिस जमीन पर पैर रख देते थे, उसे अपनी मानते थे। उस समय प्रदेश की सरकार मौन बनी रहती थी। माफिया के दौर में बेटियों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता था और माफिया असलहे लहराकर प्रयागराज की धरती पर अपना दबदबा दिखाते थे। सीएम ने कहा कि असुरक्षित वातावरण में ना विकास हो सकता है, ना निवेश आ सकता है, ना युवा को रोजगार मिल सकता है।
'अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंट नीति'
सीएम योगी ने कहा कि 2017 में जब प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी, तब तय किया गया कि उत्तर प्रदेश को सुरक्षित बनाना है, सुशासन लाना है और उत्तर प्रदेश को भारत की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में प्रस्तुत करना है। अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस है, और यूपी माफिया मुक्त बनेगा। इसी कार्यक्रम में सीएम योगी ने प्रयागराज के पीपलगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए 556 फ्लैटों के आवंटियों को चाबी भी सौंपी। पीडीए के सचिव विनीत कुमार सिंह ने बताया कि इन 556 फ्लैटों के लिए दो हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया था और अप्रैल 2025 में लॉटरी के माध्यम से आवंटियों का चयन किया गया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- UP चुनाव से पहले BJP-RLD का मेगा प्लान, चौधरी चरण सिंह की जयंती पर कर सकते हैं संयुक्त रैली
'प्रयागराज में कोई नहीं करेगा माफियागिरी'
क्रार्यक्रम में सीए योगी ने कहा माफिया मुक्त यूपी बनने के क्रम में आज परिणाम आते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने माफियाओं को, जो माफिया पहले भय और दहशत के प्रतीक थे, याद करिए इसी प्रयागराज की धरती में विधायक राजू पाल की हत्या होती है। सरेआम गोली मार दी जाती है। सरकार इन माफियाओं के सामने गिड़गिड़ाती हुई दिखाई दे रही थी। उन्होंने कहा कि बहनों और भाइयों, इन माफियाओं को उनके किए की सजा मिलनी चाहिए। इस संकल्प के साथ जब सरकार आगे बढ़ी, तो आज परिणाम आपके सामने हैं। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि प्रयागराज में अब कोई माफियागिरी नहीं करेगा.. करेगा तो मिट्टी में मिल जाएगा।
5 साल पहले रखी थी नींव
गौरतलब है कि सीएम योगी ने करीब 5 साल पहले प्रयागराज के लूकरगंज में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई 1731 वर्ग मीटर जमीन पर गरीबों के लिए आवासों की नींव रखी थी। 26 दिसंबर 2021 को उन्होंने पीएम आवास योजना के तहत 76 फ्लैटों का शिलान्यास किया था। अब कसारी-मसारी की पद्मलोक आवासीय योजना के साथ वैसा ही संयोग सामने आया है। इस योजना के लिए चिह्नित जमीन भी अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई है। यह जमीन शहर के उस इलाके में है, जहां से अतीक अपना काला साम्राज्य चलाता था और यह भी इत्तेफाक है कि लूकरगंज के बाद कसारी-मसारी का प्रस्तावित पद्मलोक भी उसी इलाहाबाद पश्चिमी का हिस्सा है, जहां से अतीक लगातार पांच बार विधायक रहा।
