क्रिकेट

Women's World Cup 2025: इंदौर पहुंची महिला विश्व कप की ट्रॉफी, फैंस में जमकर दिखा उत्साह

Women's World Cup 2025: बीसीसीआई महिला विश्व कप 2025 का सह आयोजक है। विश्व कप ट्रॉफी टूर देश के प्रमुख शहरों में कराया जा रहा है। इसी सिलसिले में ट्रॉफी टूर इंदौर के प्रमुख स्थानों से गुजरा। इस दौरान क्रिकेट फैंस के बीच उत्साह देखा गया।

Image

आईसीसी महिला विश्व कप ट्रॉफी (फोटो- ICC)

Women's World Cup 2025: महिला विश्व कप 2025 से पहले क्रिकेट का उत्साह देशभर में देखने को मिल रहा है। बीसीसीआई और आईसीसी द्वारा आयोजित ट्रॉफी टूर हाल ही में इंदौर पहुंचा, जहां क्रिकेट फैंस ने इसे बेहद उत्साह और जोश के साथ स्वागत किया।

इंदौर में क्रिकेट का जश्न

क्रिकेट के प्रति अपने जुनून के लिए मशहूर इंदौर शहर में विश्व कप ट्रॉफी को शहर के विभिन्न ऐतिहासिक और दर्शनीय स्थलों पर ले जाया गया। इसमें राजवाड़ा पैलेस, गांधी हॉल, केंद्रीय संग्रहालय, सिरपुर झील और पितृ पर्वत जैसे स्थान शामिल रहे। इन स्थलों पर लोगों की भारी भीड़ जुटी और ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाने की होड़ लगी रही।

स्कूलों में बच्चों का उत्साह

पांच दिवसीय दौरे का सबसे अहम आकर्षण शहर के प्रमुख स्कूलों का दौरा रहा। ट्रॉफी को द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, निरंजना गर्ल्स स्कूल, एमराल्ड हाइट्स वर्ल्ड स्कूल, श्री सत्य साईं विद्या विहार, भवंस प्रॉमिनेंट इंटरनेशनल स्कूल और सन्मति हायर सेकेंडरी स्कूल ले जाया गया।

छात्रों ने गार्ड ऑफ ऑनर के साथ ट्रॉफी का स्वागत किया। इस दौरान क्रिकेट-थीम वाले खेल और क्विज आयोजित किए गए, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विशेष आईसीसी मर्चेंडाइज और गिफ्ट्स जीते।

युवा क्रिकेटरों को मिली प्रेरणा

इस ट्रॉफी टूर का हिस्सा भारत की अंडर-19 क्रिकेटर आयुषी शुक्ला भी रहीं। उन्होंने भवंस प्रॉमिनेंट इंटरनेशनल स्कूल में छात्रों से मुलाकात की और बतौर क्रिकेटर अपनी अब तक की यात्रा साझा की। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि समर्पण और मेहनत से क्रिकेट में हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।

होल्कर स्टेडियम में हुआ समापन

ट्रॉफी टूर के आखिरी दिन इसका स्वागत होल्कर स्टेडियम में किया गया। इस दौरान मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के मानद सचिव संजीव राव, उपाध्यक्ष रमणीक सलूजा, सीईओ रोहित पंडित, मानद संयुक्त सचिव सिद्धायनी पाटनी और मानद कोषाध्यक्ष पवन जैन मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पूर्व महिला क्रिकेटर संध्या अग्रवाल और चित्रा बाजपेयी भी शामिल हुईं और इंदौर की क्रिकेट संस्कृति पर प्रकाश डाला।

भारत-श्रीलंका में होगी मेजबानी

महिला विश्व कप 2025 का आयोजन 30 सितंबर से 2 नवंबर तक भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में होना है। भारत में मुकाबले इन स्टेडियमों में खेले जाएंगे:

  • डीवाई पाटिल स्टेडियम (नवी मुंबई)
  • एसीए स्टेडियम (गुवाहाटी)
  • होल्कर स्टेडियम (इंदौर)
  • एसीए-वीडीसीए स्टेडियम (विशाखापत्तनम)

इंदौर में कुल 5 मैच खेले जाएंगे, जिनमें भारतीय महिला टीम के अलावा अन्य बड़ी टीमों के मुकाबले भी शामिल होंगे।

फैंस को जोड़ने का प्रयास

इस ट्रॉफी टूर का मुख्य उद्देश्य देशभर के हजारों क्रिकेट प्रशंसकों को इस बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट से जोड़ना है। फैंस को विश्व कप की इस अनमोल ट्रॉफी से करीब से रूबरू होने का मौका दिया जा रहा है। इंदौर में सफल आयोजन के बाद अब ट्रॉफी टूर का अगला पड़ाव मुंबई होगा।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article