क्रिकेट

Women's World Cup, NZ vs SL Preview: महिला विश्व कप में न्यूजीलैंड और श्रीलंका की अहम टक्कर, जानिए मैच की खास बातें

NZ vs SL Women's World Cup Match Preview: पिछले मैच में जीत से उत्साहित पूर्व चैंपियन न्यूजीलैंड मंगलवार को यहां जब आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप के अहम मैच में सह-मेजबान श्रीलंका से भिड़ेगा तो उसकी कोशिश अपनी लय बरकरार रखना होगा। दूसरी तरफ श्रीलंका अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाया है और उसकी टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेगी।

Image

आईसीसी महिला विश्व कप 2025, न्यूजीलैंड-श्रीलंका मैच प्रिव्यू

Photo : AP

पिछले मैच में जीत से उत्साहित पूर्व चैंपियन न्यूजीलैंड मंगलवार को यहां जब आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप के अहम मैच में सह-मेजबान श्रीलंका से भिड़ेगा तो उसकी कोशिश अपनी लय बरकरार रखना होगा। दूसरी तरफ श्रीलंका अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाया है और उसकी टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेगी।

न्यूजीलैंड की टीम 2000 की चैंपियन है लेकिन वर्तमान टूर्नामेंट में उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसे अपने पहले दो मैच में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद वह बांग्लादेश को हराकर अपना अभियान पटरी पर लाने में सफल रही। न्यूजीलैंड की टीम अभी अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। उसने तीन मैचों में दो अंक हासिल किए हैं और उसका नेट रन रेट -0.245 है, जिसे वे सुधारना चाहेंगे।

कप्तान सोफी डिवाइन ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने तीन पारियों में 86.66 की औसत से रन बनाए हैं। उनकी संयमित पारी और पांचवें नंबर की बल्लेबाज़ ब्रुक हॉलिडे के दमदार प्रदर्शन ने बांग्लादेश के खिलाफ टीम को जीत दिलाने में मदद की। न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव है जो उसके लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय है।

अनुभवी सूजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर और अमेलिया केर को अच्छी शुरूआत को बड़े स्कोर में बदलने में संघर्ष करना पड़ा है, जिससे अधिकांश जिम्मेदारी डिवाइन के कंधों पर आ गई है। उन्हें अपनी लय हासिल करनी होगी और श्रीलंका के स्पिन आक्रमण के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना होगा, विशेषकर उस पिच पर जिसमें टर्न मिलने की उम्मीद है।

आर प्रेमदासा स्टेडियम में इस विश्व कप में अब तक चार मैच पूरे हो चुके हैं, जिसमें पहली पारी का औसत स्कोर 205 रन रहा है। स्पिनरों ने इस मैदान पर अपना दबदबा बनाया है और 41 विकेट लिए हैं जो तेज गेंदबाजों से 14 अधिक हैं। जहां तक श्रीलंका का सवाल है तो उसे सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखने के लिए अब हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। चमारी अटापट्टू की अगुवाई वाली टीम के खाते में तीन मैचों में एक अंक है, जो गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मैच बारिश की भेंट चढ़ने के कारण है। वह केवल पाकिस्तान से आगे सातवें स्थान पर है।

श्रीलंका की टीम बल्लेबाजी में अपनी कप्तान अटापट्टू पर बहुत अधिक निर्भर है और अगर उसे जीत हासिल करनी है तो उसके अन्य बल्लेबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। श्रीलंका की टीम को क्षेत्ररक्षण में भी काफी सुधार करना होगा, क्योंकि पिछले मैचों में कई कैच छूटने और खराब फील्डिंग के कारण उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा है।

यहां की परिस्थितियां एक बार फिर स्पिन के अनुकूल होने की उम्मीद है, इसलिए श्रीलंका को अपने स्पिनरों पर भरोसा करना होगा ताकि वे मुकाबले में बने रहें।

टीमें इस प्रकार हैं

श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), हासिनी परेरा, विशमी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षी डी सिल्वा, अनुष्का संजीवनी, इमेशा दुलानी, देवमी विहंगा, पिउमी वाथसाला, इनोका राणावीरा, सुगंधिका कुमारी, उदेशिका प्रबोदानी, मल्की मदारा, अचिनी कुलसुरिया।

न्यूजीलैंड: सोफी डिवाइन (कप्तान), सूजी बेट्स, ईडन कार्सन, फ्लोरा डेवोनशायर, इज़ी गेज, मैडी ग्रीन, ब्रुक हॉलिडे, ब्री इलिंग, पॉली इंगलिस, बेला जेम्स, मेली केर, जेस केर, रोज़मेरी मैयर, जॉर्जिया प्लिमर, ली ताहुहु।

मैच का समया: दोपहर 3 बजे

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article