क्रिकेट

Women's T20 World Cup 2023: वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को मिले करोड़ों रुपये ,जानिए किसे मिला कौन सा अवार्ड?

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 27, 2023, 05:30 AM IST

ICC Women's T20 World Cup 2023 Prize Money: जानिए आईसीसी विमेंस टी20 विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को कितनी ईनामी राशि मिली और किस खिलाड़ी को कौन सा अवार्ड फाइनल मुकाबले के बाद मिला।

Image

महिली टी20 वर्ल्ड कप 2023 चैंपियन ऑस्ट्रेलिया

Photo : AP

केपटाउन: ऑस्ट्रेलिया टीम ने अपना दबदबा महिला क्रिकेट में बरकरार रखते हुए छठी बार टी20 विश्व कप पर रविवार को मेजबान द. अफ्रीका को 19 रन के अंतर से मात देकर कब्जा कर लिया। लगातार सात बार टूर्नामेंट के फाइनल में शिरकत करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम खिताबी जीत का छक्का जड़ने में सफल हुई है।

ऐसे में आइए नजर डालते हैं वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को खिताबी जीत के बाद कितनी इनामी राशि मिली? किस खिलाड़ी के सिर पर फाइनल मुकाबले में जीत का सेहरा सजा और किस खिलाड़ी को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया?

कंगारुओं के खाते में आए 8.27 करोड़ रुपये

आईसीसी ने महिला टी20 विश्व कप 2023 की ईनामी राशि का ऐलान पहली ही कर दिया था। टूर्नामेंट में कुल 20.28 करोड़ रुपये(24.5 लाख अमेरिकी डॉलर) की राशि दांव पर थी जो कि टीमों को उनके प्रदर्शन के आधार पर दी जानी थी। ऐसे में छठी बार वर्ल्ड चैंपियन का खिताब जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खाते में 8.27 करोड़ रुपये की राशि आई है। वहीं उपविजेता दक्षिण अफ्रीका को 4.13 करोड़ रुपये मिले हैं। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली प्रत्येक टीम को 1.73 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। ग्रुप स्टेज को पार नहीं कर पाने वाली टीमें भी खाली हाथ स्वदेश नहीं लौटी हैं। सभी टीमों को 24.83 लाख रुपये के अलावा ग्रुप मैच जीतने पर प्रतिमैच 14.48 लाख रुपये मिले हैं। इस हिसाब से हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम लगभग 2.25 करोड़ रुपये की ईनामी राशि के साथ वापस लौटी है।

Beth-Mooney

बेथ मूनी

बेथ मूनी बनीं फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच

खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की जीत का सेहरा सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी के सिर पर सजा। पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी कर रही मूनी ने फाइनल के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी बचाकर रखी थी। उन्होंने 53 गेंद में नाबाद 74 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को 20 ओवर में 157 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। अपनी इस आतिशी पारी के दौरान मूनी ने 9 चौके और एक छक्का जड़ा। मूनी टी20 विश्व कप के इतिहास में लगातार दो बार फाइनल में अर्धशतक जड़ने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बनीं। इस शानदार पारी के लिए उन्हें फाइनल का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Ashleigh-Gardner

एश्ले गार्डनर

एश्ले गार्डनर ने जीता प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवार्ड

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराइंडर एश्ले गार्डनर को पूरे टूर्नामेंट में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने टी20 विश्व कप 2023 में 110 रन बनाने का साथ-साथ 10 विकेट भी चटकाए और हमवतन मेगन शट के बाद टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 11 विकट के साथ टूर्नामेंट की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। एश्ले गार्डनर ने न्यजीलैंड के खिलाफ पर्ल में 12 रन देकर 5 विकेट चटकाए। यह टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article