क्रिकेट

T20 World Cup 2024, IND vs PAK: न्यूयॉर्क की पिच पर टीम इंडिया की चिंताओं से बेफिक्र आईसीसी ने दिया बयान

भारत और पाकिस्तान के बीच न्यूयॉर्क के डलास काउंटी स्टेडियम में खेले जाने वाले मुकाबले से पहले पिच सवालों के घेरे में है। ऐसे में आईसीसी ने एक बयान जारी किया है जो उसकी बेफ्रिकी को दर्शाता है।

Image

न्यूयॉर्क की पिच

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • 9 जून को भारत पाकिस्तान के बीच होगी भिड़ंत
  • न्यूयॉर्क के डलास काउंटी मैदान पर खेला जाएगा मुकाबला
  • पिच को लेकर पूर्व भारतीय खिलाड़ी और क्रिकेट पंडित जता रहे हैं चिंता

न्यूयॉर्क: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2024 का मुकाबला न्यूयॉर्क के नसाउ काउंटी मैदान पर खेला जाएगा। इस मुकाबले का इंतजार भारत-पाकिस्तान के अलावा दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसक कर रहे हैं। न्यूयॉर्क के मैदान पर अबतक दो मुकाबले खेले जा चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया से लाई गई ड्रॉप-इन पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार रही हैं। इस मैदान पर पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के बीच खेला गया था जिसमें श्रीलंका की टीम महज 77 रन पर ढेर हो गई थी। वहीं दूसरे मुकाबले में भारत के खिलाफ आयरलैंड की टीम 96 रन पर ढेर हो गई।

दो मैच में बने हैं कुल 350 रन

यहां खेले गए दो मैच की चार पारियों में केवल 350 रन बन सके हैं। आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा और ऋषभ पंत चोटिल हो गए थे। ऐसे में पिच को लेकर पूर्व भारतीय खिलाड़ियों और क्रिकेट पंडितों ने चिंता जताई थी। भारत और पाकिस्तान दोनों का तेज गेंदबाजी आक्रमण बेहद मजबूत है। पिच में असमान उछाल है ऐसे में खिलाड़ियों के चोटिल होने की आशंका जताई गई है।

पिच ने नहीं किया है अपेक्षित व्यवहार

आईसीसी ने न्यूयॉर्क की पिचों पर उठ रहे सवालों के जवाब में जारी बयान में कहा, 'टी20 इंक और आईसीसी स्वीकार करते हैं कि नसाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अब तक इस्तेमाल की गई पिचों ने लगातार उस तरह बर्ताव नहीं किया जैसा हम सभी चाहते थे। स्थिति में सुधार और बाकी बचे मैचों में सर्वश्रेष्ठ संभव सतह उपलब्ध कराने के लिए मैदानकर्मियों की विश्व स्तरीय टीम कल का मैच समाप्त होने के बाद से कड़ी मेहनत कर रही है।'

न्यूयॉर्क से मैच स्थानांतरित करने की नहीं है योजना

ऐसे में आईसीसी ने बीबीसी को न्यूयॉर्क की पिच को लेकर बयान दिया और कहा, आईसीसी की न्यूयॉर्क के मुकाबलों को फ्लोरिडा या टेक्सास स्थानांतरित करने की कोई आकस्मिक योजना नहीं है। पाकिस्तान और भारत के बीच मुकाबले में तकरीबन 32 हजार दर्शकों के मैदान पर उमड़ने की संभावना है। अगर ये मुकाबला लो स्कोरिंग रहता है तो आयोजकों के लिए अच्छी खबर नहीं है।

दिनेश कार्तिक ने पिच को बताया था खतरनाक

दिनेश कार्तिक ने न्यूयॉर्क की पिच पर चिंता जाहिर करते हुए कहा, यह सबसे अच्छी पिच नहीं है। टी20 क्रिकेट आमतौर पर बल्लेबाजों के पक्ष में होता है। यह पिच गेंदबाजों के पक्ष में है, लेकिन सही कारणों से नहीं। पिच पर स्पंजी बाउंस है कुछ गेंदें सिर के ऊपर से निकलती हैं कुछ बेहद नीची रह जाती हैं। ऐसा देखना अच्छा नहीं लगता है। ये पिच सेटल नहीं हुई है। यह एडिलेड में बनी जिसे मियामी में मौसम की वजह से रखा गया जिन्हें दो सप्ताह पहले न्यूयॉर्क के स्टेडियम में रखा गया। पिच एक ऐसा मुद्दा है जिसपर भारत पाकिस्तान के बीच मुकाबले से पहले और बाद में पिच को लेकर जबरदस्त टक्कर होगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article