क्रिकेट

SL vs NAM, T20 World Cup: नामीबिया के खिलाफ विजयी आगाज करने उतरेगा श्रीलंका

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 16, 2022, 08:17 AM IST

T20 World Cup, SL vs NAM Match Preview: टी20 विश्व कप 2022 का आगाज श्रीलंका और नामीबिया के बीच ग्रुप ए के मुकाबले के साथ होने जा रहा है। ये मुकाबला गीलॉन्ग के कर्डीना पार्क मैदान पर खेला जाएगा। जानिए दोनों टीमों में किसका पलड़ा है भारी?

Image

SL-vs-NAM-T20-world-cup-2022-Match-Preview

गिलॉन्ग: आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 का आगाज आज श्रीलंका और नामीबिया के बीच ग्रुप ए पहले दौर के मुकाबले के साथ होने जा रहा है। दोनों ही टीमें इस मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं। एक तरफ टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंचने वाली श्रीलंकाई टीम है। वहीं दूसरी ओर दूसरी बार टी20 विश्व कप में शिरकत कर रही अफ्रीकी टीम नामीबिया।

अबतक केवल एक बार हुआ है आमना-सामनाएक साल पहले यूएई में भी इन दोनों टीमें के बीच क्वालीफायर्स दौर में भिड़ंत हुई थी। उस मुकाबले में श्रीलंका की टीम 7 विकेट से जीत दर्ज करने में सफल हुई थी। दोनों टीमों के बीच यह एकलौती भिड़ंत रही है। हाल ही में एशिया कप 2022 का खिताब अप्रत्याशित रूप से अपने नाम करने वाली श्रीलंका एक बार फिर उस प्रदर्शन को दोहराकर विजयी आगाज करना चाहेगी।

विजय रथ पर सवार है श्रीलंका

श्रीलंकाई टीम का पलड़ा नामीबिया के खिलाफ हालिया प्रदर्शन को देखते हुए भारी नजर आता है। ये मुकाबला आईसीसी रैंकिंग में आठवें पायदान पर काबिज श्रीलंका और 14वें पायदान पर काबिज नामीबिया की टीम के बीच का है। पिछले पांच अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में दोनों टीमों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो श्रीलंका ने अपने सभी मैच जीते हैं। इस दौरान उसने पाकिस्तान को दो बार, भारत, अफगानिस्तान और बांग्लादेश को एक-एक बार मात दी है।

नामीबिया को एक जुट होकर करना होगा प्रदर्शन

वहीं नामीबिया ने अपने पिछले पांच मैच में से तीन में जीत दर्ज की है। जबकि दो मुकाबलों में उसे हार का मुंह देखना पड़ा था। लेकिन ये सभी मुकाबले उसने जिंबाब्वे के खिलाफ खेले हैं। नामीबिया की टीम मुख्य रूप से सलामी बल्लेबाज क्रेग विलियम्स और डिवेन ला लॉक , कप्तान गेरार्ड इरास्मस, ऑलराउंडर डेविड वीस पर निर्भर है। ऐसे में श्रीलंका को मात देने के लिए सभी 11 खिलाड़ियों को एकजुट होकर प्रदर्शन करना होगा।

सातवें आसमान पर है श्रीलंका का आत्मविश्वास

वहीं श्रीलंका की टीम शानदार फॉर्म में हैं। एशिया कप में खिताबी जीत के बाद उसका आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है। टीम एक जुट होकर खेल रही है और किसी एक खिलाड़ी के प्रदर्शन पर निर्भर नहीं है। कप्तान दसुन शनाका ने खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है और उन्हें खुलकर खेलने की छूट दी है। श्रीलंका की स्पिन गेंदबाजी आक्रमण नामीबिया के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। जिसकी कमान वनिंदु हसरंगा और महीष तीक्ष्णा जैसे गेंदबाजों के हाथ है। बल्लेबाजी में पथुम निशंका, भानुका राजपक्षे, धनंजय डिसिल्वा और कप्तान दसुन शनाका शानदार फॉर्म में हैं।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

श्रीलंका:

दसुन शनाका (कप्तान), दनुष्का गुणथिलका, पथुम निसंका, कुसल मेंडिस, चरित असलंका, भानुका राजपक्षे, धनंजय डिसिल्वा, वनिन्दु हसरंगा, महीश तीक्ष्णा, जेफरी वांडरसे, चमिका करुणारत्ने, दुष्मंथा चमीरा (फिट होने पर), लाहिरू कुमारा (फिट होने पर), दिलशान मदुशंका, प्रमोद मदुशन।

रिजर्व: अशेन बंडारा, प्रवीण जयाविक्रमा, दिनेश चांदीमल, बिनुरा फर्नांडो, नुवानीडु फर्नांडो।

नामीबिया:

गेरार्ड इरासमस (कप्तान), जोहान्स जोनाथन स्मिट, डिवेन ला कॉक, स्टीफन बार्ड, निकोल लॉफ्टी-ईटन, जान फ्रीलिंक, डेविड वीसे, रुबेन ट्रम्पेलमैन, जेन ग्रीन, बर्नार्ड स्कोलट्ज, तांजेनि लुंगामेनी, माइकल वैन लिंगेन, बेन शिकोंगो, कार्ल बिरकेनस्टॉक, लोहन लॉरेंस, हेलो हां फ्रांस।।

मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9.30 बजे शुरू होगा।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article