क्रिकेट

ICC Development Awards: ICC डेवलपमेंट अवॉर्ड 2024 के विजेताओं का ऐलान, जय शाह का खास संदेश

आईसीसी ने साल 2024 डेवलपमेंट अवॉर्ड की घोषणा कर दी है। आईसीसी क्रिकेट को दुनियाभर में आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। 2024 के अवॉर्ड्स में कुल सात श्रेणियां हैं।

Image

आईसीसी डेवलेपमेंट अवॉर्ड (साभार-ICC)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सात श्रेणियों में 2024 आईसीसी डेवलपमेंट्स अवॉर्ड्स के वैश्विक विजेताओं की घोषणा की है। 2002 में शुरू किए गए 'डेवलपमेंट अवॉर्ड्स' का मकसद क्रिकेट के एसोसिएट सदस्यों की नई सोच और कोशिशों को सम्मान देना है। आईसीसी क्रिकेट को दुनियाभर में आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। 2024 के अवॉर्ड्स में कुल सात श्रेणियां हैं। इस बार 'आईसीसी एक्स फेस्टिवल ऑफ द ईयर अवॉर्ड' नामक नई कैटेगरी जोड़ी गई है। भूटान, इंडोनेशिया, नामीबिया, नेपाल, स्कॉटलैंड, तंजानिया, अमेरिका और वानुअतु, सम्मान पाने वाले आठ सदस्य देश हैं।

क्रिकेट नामीबिया को 'आईसीसी डेवलपमेंट इनिशिएटिव ऑफ द ईयर' चुना गया है, जिसने अपने एशबर्टन क्वाटा मिनी-क्रिकेट कार्यक्रम के लिए यह पुरस्कार जीता है। भूटान क्रिकेट काउंसिल बोर्ड और वानुअतु क्रिकेट एसोसिएशन को 'आईसीसी फीमेल क्रिकेट इनिशिएटिव ऑफ द ईयर' से सम्मानित किया गया है। वहीं, यूएसए क्रिकेट को 'आईसीसी एसोसिएट मेंबर्स मेंस परफॉर्मेंस ऑफ द ईयर' चुना गया।

क्रिकेट स्कॉटलैंड को 'आईसीसी एसोसिएट मेंबर्स विमेंस परफॉर्मेंस ऑफ द ईयर' का सम्मान मिला है। नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन को 'आईसीसी डिजिटल फैन एंगेजमेंट ऑफ द ईयर' चुना गया है। पर्सटुआन क्रिकेट इंडोनेशिया को 'क्रिकेट फॉर गुड सोशल इम्पैक्ट इनिशिएटिव ऑफ द ईयर' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है, जबकि 'आईसीसी एक्स फेस्टिवल ऑफ द ईयर' खिताब तंजानिया क्रिकेट एसोसिएशन ने अपने नाम किया।

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने इन पुरस्कारों के महत्व पर जोर देते हुए कहा, "आईसीसी डेवलपमेंट अवॉर्ड्स के विजेताओं की घोषणा करते हुए हमें खुशी हो रही है। हर विजेता इस सम्मान का पूरी तरह हकदार है, क्योंकि उन्होंने क्रिकेट के विकास में अहम भूमिका निभाई है। मैं सभी विजेताओं को उनकी सफलता के लिए बधाई देता हूं। आशा करता हूं कि यह कार्यक्रम आगे भी इसी तरह फलते-फूलते रहें।"

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article