क्रिकेट

विमेंस वर्ल्ड कप 2029 में बढ़ जाएगा रोमांच, आईसीसी ने उठाया बड़ा कदम

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हाल ही में साउख अफ्रीका को हराकर अपना पहला वर्ल्ड कप जीता है। लेकिन अब इस वर्ल्ड कप का रोमांच बढ़ने वाला है। दरअसल आईसीसी ने जानकारी दी है कि 2029 में होने वाले वर्ल्ड कप में टीमों की संख्या 8 से बढ़ाई जाएगी।

Image

आईसीसी वर्ल्ड कप (साभार-BCCI Women)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को घोषणा की कि महिला वनडे विश्व कप के 2029 में होने वाले अगले चरण में मौजूदा आठ टीमों की संख्या को बढ़ाकर 10 टीम का कर दिया जाएगा। भारत ने दो नवंबर को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर महिला क्रिकेट में अपनी पहली वैश्विक ट्रॉफी जीती।

आईसीसी की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘आईसीसी बोर्ड इस टूर्नामेंट की सफलता को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक है। आईसीसी बोर्ड ने टूर्नामेंट के अगले चरण को 10 टीमों (2025 में आठ टीमों से) तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है। ’’ इसमें आगे कहा गया, ‘‘लगभग 3,00,000 प्रशंसकों ने स्टेडियम में इस टूर्नामेंट को देखा, जिसने किसी भी महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए दर्शकों की उपस्थिति का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस टूर्नामेंट में दर्शकों की संख्या में भी वृद्धि हुई और दुनिया भर में ऑन-स्क्रीन दर्शकों के लिए नया रिकॉर्ड स्थापित हुआ जिसमें भारत में लगभग 50 करोड़ दर्शक थे। आधिकारिक प्रसारक के अनुसार कुल 44.6 करोड़ दर्शकों ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर यह टूर्नामेंट देखा।

फाइनल में दर्शकों की संख्या इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दैनिक औसत से अधिक थी, लेकिन यह पिछले साल भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए पुरुष टी20 विश्व कप फाइनल के दौरान दर्ज किए गए दर्शकों की संख्या के बराबर थी। फैंस के बीच महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए आईसीसी का यह फैसला इस दिशा में बड़ा कदम माना जा सकता है। टीमों की संख्या 10 होने से न केवल इस टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, बल्कि फैंस को और ज्यादा मुकाबले भी देखने को मिलेंगे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article