क्रिकेट

Champions Trophy 2025 Tickets: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए कब शुरू होगी टिकटों की बिक्री? सामने आया बड़ा अपडेट

ICC Champions Trophy 2025 Tickets Sale: अगले महीने होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की टिकटों का इंतजार कर रहे फैंस के लिए एक बेहद ही अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल टिकटों की बिक्री मंगलवार (28 जनवरी 2025) से शुरू होने वाली है। टिकटों को लेकर सारी जानकारी आइए जानते हैं।

Image

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 (फोटो- X)

ICC Champions Trophy 2025 Tickets Sale: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को कहा कि अगले महीने होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के पाकिस्तान चरण के लिए टिकटों की बिक्री मंगलवार से शुरू होगी लेकिन मेजबान देश में स्टेडियम का नवीनीकरण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है।पाकिस्तान को 30 जनवरी को स्टेडियमों को आईसीसी को सौपना है लेकिन कराची, लाहौर और रावलपिंडी के आयोजन स्थलों में अब भी निर्माण कार्य चल रहा है।

चैंपियंस ट्रॉफी का यह सत्र 19 फरवरी से पाकिस्तान और दुबई में आयोजित किया जाएगा। भारत अपने मैच दुबई में खेलेगा और आने वाले दिनों में उन मैचों के टिकटों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने उन अटकलों को खारिज कर दिया था कि तीन स्थानों (रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम, लाहौर का गद्दाफी स्टेडियम और कराची का नेशनल बैंक स्टेडियम) में निर्माण कार्य में देरी के कारण इस आयोजन को देश से बाहर ले जाया जाएगा।

इतनी होगी टिकटों की कीमत

पीसीबी ने दावा किया कि आईसीसी प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रसारण, आतिथ्य और कार्यक्रम संचालन से जुड़े अधिकारियों की देश में उपस्थिति इस बात की पुष्टि करती है कि टूर्नामेंट का आयोजन पाकिस्तान में निर्धारित समय पर होगा।इस बीच आईसीसी ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टिकट की न्यूनतम कीमत 1000 पाकिस्तानी रुपये (लगभग 310 भारतीय रुपये) तय की है और ‘प्रीमियम सीटिंग’ टिकट की न्यूनतम कीमत 1500 पाकिस्तान रुपये (लगभग 465 भारतीय रुपये) से शुरू होगी।

सेमीफाइनल और फाइनल के लिए बाद में जारी होगी टिकट

नौ मार्च को आयोजित होने वाले फाइनल का टिकट दुबई में खेले जाने वाले पहले सेमीफाइनल के समापन के बाद खरीदने के लिए उपलब्ध होंगे।आईसीसी के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी अनुराग दहिया ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ हम आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए आधिकारिक टिकटों की बिक्री की घोषणा करते हुए रोमांचित हैं। यह पाकिस्तान में क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है जो 1996 के बाद से अपने पहले वैश्विक क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है।’’प्रशंसकों को टिकटों के लिए आईसीसी की अधिकारिक वेबसाइट पर पहले पंजिकरण करना होगा।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article