क्रिकेट

ICC Champions Trophy 2025 Ticket Price: हो गया खुलासा! कितने का होगा चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे सस्ता टिकट

पाकिस्तान की मेजबानी में आयोजित होने जा रही आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के पाकिस्तानी सरजमीं पर खेले जाने वाले मैचों के लिए कितने का होगा सबसे सस्ता टिकट, इसका खुलासा एक रिपोर्ट में हुआ है। पीसीबी ने हालांकि अबतक इसका आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं किया है।

Image

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी (साभार ICC)

कराची: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने चैम्पियंस ट्रॉफी के लिये न्यूनतम टिकट एक हजार पाकिस्तानी रुपये का रखा है जो भारतीय मुद्रा में 310 रुपये के बराबर होगा। पीसीबी के एक अंदरूनी दस्तावेज में यह बताया गया है जिसकी प्रति पीटीआई के पास है। इसमें यह नहीं बताया गया है कि दुबई में होने वाले भारत के मैचों की टिकट दर क्या होगी। अगर भारतीय टीम सेमीफाइनल और फाइनल खेलती है तो वह भी दुबई में आयोजित होंगे।

1000 पाकिस्तानी रुपये को होगा न्यूनतम टिकट

दस्तावेज के अनुसार पीसीबी ने कराची,लाहौर और रावलपिंडी में होने वाले मैचों के न्यूनतम टिकट 1000 पाकिस्तानी रुपये के रखे हैं। पाकिस्तान और बांग्लादेश के रावलपिंडी में होने वाले मैचों के टिकटों की कीमत 2000 पाकिस्तानी रुपये (620 भारतीय रुपये) और सेमीफाइनल के 2500 पाकिस्तानी रुपये (776 भारतीय रुपये) होगी।

12 हजार रुपये के होंगे वीवीआईपी टिकट

पीसीबी ने सभी मैचों की वीवीआईपी टिकट 12000 पाकिस्तानी रुपये (3726 भारतीय रुपये) की रखी है लेकिन सेमीफाइनल में यह 25000 (7764 भारतीय रुपये) की होगी। कराची में प्रीमियर दीर्घा की टिकट 3500 पाकिस्तानी रुपये (1086 भारतीय रुपये), लाहौर में 5000 (1550 भारतीय रुपये) और रावलपिंडी में पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश मैच का टिकट 7000 (2170 भारतीय रुपये) है।

टिकट ऑनलाइन मिलेंगे या ऑफलाइन, अभी स्पष्ट नहीं

पीसीबी कराची में वीआईपी दीर्घा की टिकट 7000, लाहौर में 7500 और बांग्लादेश मैच के लिये 12500 रखना चाहता है। आम दर्शकों के लिये 18000 टिकट उपलब्ध होंगे लेकिन यह तय नहीं है कि एक व्यक्ति एक समय में कितने टिकट खरीद सकता है और टिकट ऑनलाइन मिलेंगे या नहीं।

मेजबान देश को मिलता है टिकट का पैसा

आईसीसी के टूर्नामेंट नियमों के तहत मेजबान देश मैचों के टिकट बेचता है और उनसे तथा हॉस्पिटेलिटी बॉक्सेस से मिलने वाला राजस्व रखता है। इसके अलावा उसे आईसीसी से मेजबानी की फीस भी मिलती है। भारत के मैच दुबई में होने हैं लिहाजा पीसीबी का मानना है कि उसे टिकटों और हॉस्पिटेलिटी बॉक्स से मिलने वाली रकम मिलेगी। अमीरात क्रिकेट बोर्ड को परिचालन लागत दी जायेगी जिसमें मैदान का किराया शामिल है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article