सोमवार को आईसीसी ने भारतीय मूल के अमेरिकी क्रिकेटर बोदुगुम अखिलेश रेड्डी को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से 8 साल के लिए बैन कर दिया है। उन्हें 3 आरोपों में दोषी पाया गया है। उन्होंने ये अपराध 2025 अबू धाबी T10 टूर्नामेंट के दौरान किए थे। अखिलेश को मैच फिक्सिंग की कोशिश, दूसरे खिलाड़ी को फिक्सिंग के लिए उकसाना और जांच में बाधा डालने का दोषी पाया गया।
आईसीसी ने अखिलेश को लेकर कहा 'अमेरिकी खिलाड़ी बोदुगम अखिलेश रेड्डी पर आठ साल के लिए सभी प्रकार के क्रिकेट से प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्हें आईसीसी भ्रष्टाचार विरोधी न्यायाधिकरण द्वारा तीन मामलों में आईसीसी भ्रष्टाचार विरोधी संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। सबसे पहले उन पर 21 नवंबर 2025 में 14 दिन का बैन लगाया गया था, लेकिन अब जब उनका दोष साबित हो गया है तो इसे बढ़ाकर 8 साल का कर दिया गया है।
अखिलेश पहले अमेरिकी खिलाड़ी नहीं हैं, जिनके खिलाफ आईसीसी ने इस तरह की कार्रवाई की है। इससे पहले अमेरिकी क्रिकेटर एरॉन जॉन्स को भी आईसीसी ने बैन किया था। जॉन्स 2024 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान अमेरिकी टीम का हिस्सा थे। उन्हें बारबडोस में 2023-24 के दौरान हुए BIM10 लीग में फिक्सिंग का दोषी पाया गया था।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- हमेशा सहेज कर रखूंगा, टीम इंडिया से अलग हुए फील्डिंग कोच टी दिलीप ने लिखा भावुक पोस्ट
अखिलेश रेड्डी का क्रिकेट करियर
केमैन आइलैंड (Cayman Islands) के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले अखिलेश ने अमेरिका के लिए 4 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने एकमात्र विकेट हासिल किया है। हैदराबाद के रहने वाले अखिलेश विजय हजारे ट्रॉफी स्क्वॉड में भी शामिल थे। इतना ही नहीं वह आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के नेट बॉलर थे। दाएं हाथ के बल्लेबाज और ऑफ स्पिन गेंदबाज अखिलेश अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए अमेरिका शिफ्ट हुए थे।
