क्रिकेट

हमेशा सहेज कर रखूंगा, टीम इंडिया से अलग हुए फील्डिंग कोच टी दिलीप ने लिखा भावुक पोस्ट

भारत के फील्डिंग कोच टी दिलीप ने टीम इंडिया से अलग होने के बाद एक भावुक पोस्ट लिखा है। इंग्लैंड और जिम्बाब्वे दौरे को छोड़ दें तो उनके आने से टीम इंडिया की फील्डिंग में काफी सुधार हुआ था।

Image

टी दिलीप (साभार-Instagram/AI)

टीम इंडिया से अलग हुए फील्डिंग कोच टी दिलीप ने अपनी 5 साल की यात्रा को लेकर एक भावुक पोस्ट लिखा है। हाल ही में बीसीसीआई की एक बैठक में सहायक कोच रियान टेन डोएशे और फील्डिंग कोच टी दिलीप के कांट्रैक्ट को रिन्यू नहीं किया था। हालांकि, अब तक उनके रिप्लेसमेंट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। दिलीप, साल 2021 में टीम इंडिया से जुड़े थे। टीम इंडिया के साथ अपनी 5 साल की जर्नी को याद करते हुए उन्होंने भावुक संदेश लिखा। उन्होंने अपने संदेश में राहुल द्रविड़, गौतम गंभीर, विराट कोहली, रोहित शर्मा और कुछ अन्य खिलाड़ियों का नाम लिया।

"पांच साल। इस सफर को शब्दों में बयां करना मुश्किल है, क्योंकि यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। जब मैंने पहली बार इस टीम में कदम रखा, तो मेरा एक ही इरादा था - हर दिन अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना। फील्डिंग हमेशा से मेरे लिए दिल के करीब रही है। इस टीम के सफर में हिस्सा लेने का मौका मिलने के लिए मैं आभारी हूं। फील्डिंग मेडल मेरे दिल में हमेशा एक खास जगह रखेगा। ड्रेसिंग रूम में इससे पैदा हुई खुशी, इससे खिलखिलाती मुस्कान और खिलाड़ियों द्वारा इसे दी गई अहमियत, ये सभी यादें मैं हमेशा अपने साथ रखूंगा,"

दिलीप पहली बार 2021 में राहुल द्रविड़ के साथ टीम इंडिया में शामिल हुए थे। वह द्रविड़ के स्टाफ के एकमात्र कोच थे जिन्होंने 2024 में गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद भी अपना पद बरकरार रखा। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद दिलीप को फील्डिंग कोच के पद से हटा दिया गया था। लेकिन बीसीसीआई ने अंतरराष्ट्रीय सत्र शुरू होने से पहले उन्हें फिर से नियुक्त कर दिया।

शुभदीप घोष होंगे नए फील्डिंग कोच

शुभदीप घोष टीम इंडिया के नए फील्डिंग कोच होंगे। वह श्रीलंका में भारतीय टीम से जुड़ेंगे। घरेलू क्रिकेट में असम और रेलवे के लिए खेल चुके घोष ने इंडिया ए, भारतीय महिला टीम और बीसीसीआई की कई अन्य टीमों के साथ काम किया है। उन्होंने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के साथ भी काम किया है।

Rohit Sharma And T Dilip

रोहित शर्मा और टी दिलीप (साभार-x)

रोहित ने टी दिलीप के योगदान को सराहा

टीम इंडिया के लिए टी दिलीप क्या मायने रखते थे, इसे रोहित शर्मा के इंस्टाग्राम स्टोरी से समझा जा सकता है। रोहित ने उनके साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा 'आपने लीजेंड हैं और आपने टीम के भीतर एक जादू किया था। आपको भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article