क्रिकेट

इयान चैपल ने कहा पत्रकारिता करियर को अवलिदा, कहा-क्रिकेट से विदाई जितना भावुक है पल

बड़ी साफगोई के साथ क्रिकेट के मुद्दों पर अपनी बात रखने वाले मशहूर कमेंट्रेटर और ऑस्ट्रेलिया के पू्र्व कप्तान इयान चैपल ने अपने पांच दशक लंबे पत्रकारिता करियर को अलविदा कह दिया है।

Image

इयान चैपल (X (@9cricketglobal)

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर इयान चैपल ने रविवार को अपना आखिरी कॉलम लिखकर अपने पांच दशक से अधिक समय तक चले पत्रकारिता करियर को अलविदा कह दिया। इस 81 वर्षीय क्रिकेटर ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के लिए अपने आखिरी कॉलम में उन कुछ बेहतरीन पलों को याद किया जिन पर उन्होंने अपनी कलम चलाई। इनमें 1998 के चेन्नई टेस्ट में सचिन तेंदुलकर और स्पिन के जादूगर दिवंगत शेन वार्न के बीच शानदार मुकाबला और कोलकाता में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वीवीएस लक्ष्मण की 281 रन की ऐतिहासिक पारी भी शामिल है।

लिखते हुए आए आनंद के कई पल

चैपल ने लिखा,'लिखते हुए आनंद के कई पल आए, विशेष रूप से सचिन तेंदुलकर का चेन्नई में शेन वॉर्न से मुकाबला करना। अन्य मुख्य आकर्षणों में ब्रायन लारा की प्रतिभा, रिकी पोंटिंग की आक्रामकता और कोलकाता में वीवीएस लक्ष्मण की 281 रन की कलात्मक पारी के बारे में लिखना शामिल है।'

क्रिकेट को अलविदा कहने जितना भावनात्मक है पल

चैपल ने हालांकि महसूस किया कि अब कलम को नीचे रखने और कंप्यूटर को पैक करने का सही समय आ गया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता से संन्यास लेना उतना ही भावनात्मक है जितना कि क्रिकेट को अलविदा कहना। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 75 टेस्ट में 5345 रन बनाने वाले चैपल ने कहा,'मैं 50 से अधिक वर्षों से लिख रहा हूं, लेकिन अब विदाई का समय आ गया है और यह मेरा आखिरी कॉलम होगा। पत्रकारिता को अलविदा कहना भी क्रिकेट के समान ही है लेकिन मैं जानता हूं कि इसके लिए यह सही समय है।'

अमेरिकी खेल लेखक वाल्टर वेलेस्ले रेड स्मिथ से थे प्रभावित

उन्होंने कहा,'जब मैं क्रिकेट खेलता था तो मैंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिची बेनो से पूछा था कि क्या संन्यास लेने का फैसला बहुत मुश्किल होता है तो उन्होंने कहा था, नहीं इयान यह फैसला करना आसान है। आपको सही समय पर पता चल जाएगा।' चैपल ने कहा कि उनके कॉलम पर अमेरिकी खेल लेखक वाल्टर वेलेस्ले रेड स्मिथ का काफी प्रभाव रहा। उन्होंने कहा,'मेरे लेखन पर पुलित्ज़र-विजेता लेखक रेड स्मिथ का काफी प्रभाव रहा। वह हमेशा सही वर्णनात्मक शब्द के लिए प्रयासरत रहते थे।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article