क्रिकेट

इस तरह 5 मैचों में पलट गई RCB की किस्मत, गेंदबाज यश दयाल ने बताया इसका बड़ा कारण

How RCB Changed Its Destiny In IPL 2024: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने आईपीएल 2024 में जिस अंदाज में वापसी की है उसने सबको हैरान कर दिया। बैंगलोर की टीम एक समय आखिरी पायदान पर थी, उसके बाद उन्होंने लगातार 5 मुकाबले जीतकर सीधे अंक तालिका में पांचवें नंबर पर कब्जा जमाया और अब प्लेऑफ की दौड़ में पहुंचने के दावेदार हैं। कैसे हुआ ये सब कुछ, आरसीबी के गेंदबाज यश दयाल ने मुख्य कारण बताए हैं।

Image

यश दयाल ने बताया कैसे 5 जीत के साथ लौटी आरसीबी (AP/IPLT20)

KEY HIGHLIGHTS
  • आरसीबी की आईपीएल 2024 में गजब वापसी
  • लगातार 5 जीत के साथ पांचवें नंबर पर पहुंची
  • गेंदबाज यश दयाल ने बताया इस बदलाव का कारण

Royal Challengers Bangalore In IPL 2024: आईपीएल 2024 में लंबे समय तक आखिरी स्थान पर संघर्ष करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने अचानक पिछले कुछ मैचों में स्थिति को पलट दिया है। उन्होंने रविवार शाम को दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से करारी शिकस्त दी जो टूर्नामेंट में लगातार उनकी पांचवीं जीत साबित हुई। इस जीत के बाद उन्होंने अंक तालिका में अब 12 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर कब्जा कर लिया है। टीम ने जिस अंदाज में अपनी किस्मत पलटी है उसके कई कारण रहे हैं। टीम के तेज गेंदबाज यश दयाल ने बताया है कि आखिर ये बदलाव कैसे आया।

आरसीबी के गेंदबाज यश दयाल ने दिल्ली के खिलाफ मैच में जीत के बाद कहा, "पिछले कुछ मुकाबलों में हमारे प्रदर्शन में काफी सुधार हुआ है। मुझे लगता है कि हमने पिछले कुछ मैचों में आक्रामक होकर खेलना शुरू कर दिया है। ये हमारे लिए बड़ा सकारात्मक पहलू रहा है।" दयाल के मुताबिक जब बैंगलोर की टीम को लगातार हार मिल रही थी तब भी ड्रेसिंग रूम में टीम एकजुट थी। दयाल ने कहा, "जब आप लगातार मैच हारते हैं, जैसा कि हमारे साथ हुआ, तो मनोबल थोड़ा कम हो जाता है। लेकिन हमने इसे स्वीकार किया और अच्छी वापसी कर ली।"

किसी पर उंगली नहीं उठाई

यश दयाल ने कहा, "जब हम हार रहे थे तब भी किसी पर उंगुलियां नहीं उठाई गईं। हम पूरे सत्र में पॉजिटिव बने रहे।" यश दयाल ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में 3.1 ओवर में कुल 20 रन लुटाते हुए 3 विकेट झटके। उनके अलावा लॉकी फर्ग्यूसन ने 2 विकेट लिए, जबकि कैमरन ग्रीन, मोहम्मद सिराज और स्वपनिल सिंह ने 1-1 विकेट हासिल किया। इसी के साथ आरसीबी ने दिल्ली की टीम को 19.1 ओवर में 140 रन पर समेट दिया।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की पिछली 5 लगातार जीत

- 25 अप्रैल को हैदराबाद के खिलाफ 35 रन से जीत

- 28 अप्रैल को गुजरात के खिलाफ 9 विकेट से जीत

- 4 मई को गुजरात के खिलाफ 4 विकेट से जीत

- 9 मई को पंजाब के खिलाफ 60 रन से जीत

- 12 मई को दिल्ली के खिलाफ 47 रन से जीत

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए धीरे-धीरे उनके कई खिलाड़ी लय में आ रहे हैं। विराट कोहली टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर बने हुए हैं, इसके अलावा रजत पाटीदार लगातार धुआंधार पारियां खेल रहे हैं, ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन भी दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में मैन ऑफ द मैच रहे। गेंदबाजों में स्वपनिल सिंह, यश दयाल और मोहम्मद सिराज ने भी सुर्खियां बटोरनी शुरू कर दी हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article