Gautam Gambhir: टीम का पिछले कुछ समय से घरेलू मैदान पर टेस्ट प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका से 0-2 से हार के बाद टीम अब विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में वापसी करने जा रही है। 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की सीरीज से इसकी शुरुआत होगी। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अभ्यास मैच से पहले खिलाड़ियों से बात करते हुए साफ कहा कि टीम हर तरह की चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।
BCCI ने शेयर किया वीडियो
बीसीसीआई ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस वीडियो में गंभीर कह रहे हैं, "हमें पता है हमारे सामने क्या चुनौती है और हम किस लक्ष्य के लिए खेल रहे हैं। हम मेहनत कर सकते हैं, अपनी क्षमता को बढ़ा सकते हैं और हर तैयारी पूरी कर सकते हैं। 15 अगस्त की सुबह जब मैच शुरू होगा, चाहे पहले बल्लेबाजी आए या गेंदबाजी, हमें हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार रहना होगा। अभी से कोई कमी नहीं छोड़नी है।"
भारतीय टीम में दो नए चेहरे
इस दौरे के लिए टीम में दो नए चेहरे शामिल हुए हैं। मध्य प्रदेश के स्पिन हरफनमौला सारांश जैन और जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार मौका मिला है। आकिब को चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह टीम में जगह मिली है। गंभीर ने दोनों का स्वागत किया। उन्होंने सारांश से कहा, "सारांश, सबसे पहले तुम्हें बधाई। यहां तक पहुंचने के लिए तुमने काफी मेहनत की है। जब भी देश के लिए खेलने का मौका मिले तो परिवार और देश का नाम रोशन करना।"
आकिब को लेकर क्या बोले गंभीर
आकिब के बारे में उन्होंने कहा, "आकिब पिछले सत्र में तुम्हारा प्रदर्शन शानदार रहा। जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी जिताने में तुम्हारी बड़ी भूमिका थी। उसके लिए फिर से बधाई।" बता दें कि सीरीज का पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा। दूसरा मैच 23 अगस्त से कोलंबो में होगा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए भारत को दोनों मैच जीतने होंगे।
