क्रिकेट

IND vs AFG 3rd ODI: केएल राहुल के बैटिंग ऑर्डर में नहीं होगा बदलाव, तेज गेंदबाज को दिया जा सकता है आराम

टीम इंडिया के सहायक कोच रियान टेन डोइशे ने अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जाने वाले सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में होने वाले संभावित बदलाव के संकेत दिए हैं।

Image

रियान टेन डोइशे (फोटो क्रेडिट BCCI)

चेन्नई: भारत के सहायक कोच रियान टेन डोइशे ने शुक्रवार को पुष्टि की कि अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में केएल राहुल निचले क्रम पर ही बल्लेबाजी करेंगे और यशस्वी जायसवाल पारी की शुरूआत करने रोहित शर्मा के साथ उतरेंगे। ऐसी संभावना है कि घुटने की सर्जरी से उबर चुके हर्षित राणा को अर्शदीप सिंह की जगह उतारा जायेगा।

नहीं होगा राहुल के बैटिंग ऑर्डर में बदलाव

टेन डोइशे ने मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा,'बल्लेबाजी क्रम में विविधता कमाल की है। राहुल को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर उतारने पर विचार नहीं हो रहा है। हमें यशस्वी को भी देखना है। पिछले मैच में वह रन नहीं बना सका लेकिन उसे एक मौका और मिलेगा। पांच बल्लेबाजों के साथ नीतीश रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर। नीतीश भी बल्लेबाज हैं लिहाजा पिछले मैच के शीर्ष तीन में कोई बदलाव नहीं होगा।'

अर्शदीप सिंह को दिया जा सकता है आराम, राणा को मिलेगा मौका

नीदरलैंड के पूर्व क्रिकेटर ने कहा,'हम पहले दो मैचों से कुछ बदलाव करेंगे। हम अलग अलग संयोजन आजमाना और सभी को मौका देना चाहते हैं। अर्शदीप को कल आराम दिया जा सकता है। कुछ बल्लेबाजों के लिये भी यह लागू होगा।' लखनऊ में दूसरे मैच में भीषण गर्मी में लंबे समय बल्लेबाजी के बावजूद शुभमन गिल और ईशान किशन फिट हैं। टेन डोइशे ने कहा,'शुभमन को गर्मी में परेशानी हुई थी और वह अभ्यास के लिये नहीं आया लेकिन वह पूरी तरह से फिट है। ईशान को कंधे में परेशानी थी लेकिन अब वह ठीक है।'

अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ करने पर है नज़र

भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को सीरीज के धर्मशाला और लखनऊ में खेले गए मुकाबलों में जीत दर्ज करके सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली है। टीम इंडिया की नजर अब अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ करने पर है। ऐसे में चेपॉक में टीम इंडिया अपने इस अरमान को पूरा करने की पुरजोर कोशिश करेगी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article