क्रिकेट

इंग्लैंड का टेस्ट कप्तान ना बनाए जाने को लेकर हैरी ब्रूक ने तोड़ी चुप्पी, जानिए क्या कुछ कहा

Harry Brook On Not Being Appointed As England Test Captain: इंग्लैंड के दिग्गज क्रिकेटर हैरी ब्रूक को बेन स्टोक्स के संन्यास के बाद इंग्लैंड की टेस्ट टीम का कप्तान बनने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन बोर्ड ने जो रूट को तरजीह दी। अब इस फैसले को लेकर पहली बार हैरी ब्रूक ने चुप्पी तोड़ी है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा।

Image

हैरी ब्रूक

Photo : AP

इंग्लैंड क्रिकेट में पिछले कुछ समय में काफी फेरबदल देखने को मिले हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज गंवाने के बाद वैसे ही इंग्लैंड की टीम चौतरफा आलोचनाओं से घिरी थी, पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स के नाइटक्लब विवाद की वजह से भी काफी हंगामा हुआ और बाद में स्टोक्स ने संन्यास का ऐलान भी कर दिया। इसके बाद, कोच भी बदला गया। अब इंतजार था कि स्टोक्स के जाने के बाद इंग्लैंड का अगला टेस्ट कप्तान कौन होगा। दावेदारी में सबसे आगे हैरी ब्रूक का नाम चल रहा था, लेकिन फैसला कुछ और ही हुआ। टीम के महान बल्लेबाज जो रूट को इंग्लैंड का नया टेस्ट कप्तान घोषित किया गया। अब इंग्लैंड के वनडे व टी20 टीमों के कप्तान हैरी ब्रूक ने अपने क्रिकेट बोर्ड के इस फैसले को लेकर चुप्पी तोड़ी है।

हैरी ब्रूक ने बीबीसी स्पोर्ट से कहा, "रूट को कप्तान बनाने का फैसला सही है। मैं ये देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं कि वह क्या कर सकते हैं। वो निश्चित रूप से इस काम के लिए सही व्यक्ति हैं। मैं उनके साथ काम करने के लिए बहुत उत्सुक हूं।" रूट ने 2012 में भारत के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था और 2017 में एलिस्टर कुक की जगह इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बने थे। उन्होंने 65 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें टीम को 27 जीत और उतनी ही हार मिलीं। वो इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं। उन्होंने 2022 में यह पद छोड़ दिया था और उनकी जगह स्टोक्स कप्तान बने थे।

स्टोक्स, जिन्होंने 2023 में व्हाइट-बॉल क्रिकेट छोड़ दिया था, टेस्ट में इंग्लैंड की कप्तानी बखूबी कर रहे थे और ऐसा लग रहा था कि वे 2027 की एशेज सीरीज तक खेलते रहेंगे। लेकिन न्यूज़ीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दौरान उन्होंने अचानक संन्यास की घोषणा कर दी। इस सीरीज के बाद कोच को लेकर भी बड़े फैसले देखने को मिले। टेस्ट टीम के मुख्य कोच ब्रैंडन मैकुलम ने भी टेस्ट टीम के कोच का पद छोड़ दिया। हालांकि, वो इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीमों के कोच बने रहेंगे।

अब इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान पद पर फिर से काबिज होने वाले जो रूट, पूर्व कोच ब्रैंडन मैकुलम की जगह लेने वाले उनके हमवतन स्टीफन फ्लेमिंग के साथ काम करेंगे। फ्लेमिंग दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से अपना कोचिंग कार्यकाल शुरू करेंगे। तब तक के लिए पूर्व खिलाड़ी मार्कस ट्रेस्कोथिक इंग्लैंड के हेड कोच की भूमिका निभाएंगे। आने वाले समय में ये देखना दिलचस्प होगा कि रूट और फ्लेमिंग की जोड़ी क्या इंग्लैंड को टेस्ट क्रिकेट और खासतौर पर आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में क्या सफलताएं दिला पाती है।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article