क्रिकेट

IND W vs SL W 4th T20I: कप्तान हरमनप्रीत ने किसे दिया श्रीलंका के खिलाफ चौथे टी20 में जीत का श्रेय

श्रीलंका की महिला टीम के खिलाफ टीम इंडिया की सीरीज के चौथे टी20 मुकाबले में जीत का श्रेय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने किसे दिया?

Image

IND W vs SL W 4th T20I: कप्तान हरमनप्रीत ने किसे दिया श्रीलंका के खिलाफ चौथे टी20 में जीत का श्रेय

तिरुवनंतपुरम: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज के लगातार चौथे मुकाबले में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। टीम इंडिया ने मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की आतिशी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में 2 विकेट पर 221 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद श्रीलंका ने 222 रन के विजयी लक्ष्य का पीछा शानदार ढंग से किया लेकिन निर्धारित ओवरों में 6 विकेट पर 191 रन बना सकी और 30 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 4-0 की बढ़त बना ली है।

टीम इंडिया ने बनाए रिकॉर्ड 221 रन

चौथे टी20 मुकाबले में जीत के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जीत का श्रेय स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी को दिया। शुरुआती तीन मैच में विफल रही स्मृति (80 रन, 48 गेंद, 11 चौके, तीन छक्के) और शेफाली (79 रन, 46 गेंद, 12 चौके, एक छक्का) ने पहले विकेट के लिए 162 रन जोड़कर भारत को दो विकेट पर 221 रन के स्कोर तक पहुंचाया जो इस प्रारूप में उसका सर्वोच्च स्कोर है। ऋचा घोष (16 गेंद में नाबाद 40) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (नाबाद 16) ने इसके बाद तीसरे विकेट के लिए 23 गेंद में 53 रन की अटूट साझेदारी की।

शेफाली और स्मृति को दिया जीत का श्रेय

हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा,'शेफाली और स्मृति को श्रेय देना चाहिए, उन्होंने जैसी शुरुआत दी उससे हमारे लिए चीजें आसान हो गईं और फिर मैंने और ऋचा ने अच्छी तरह से पारी को फिनिश किया। भारत ने इस मैच में हरलीन देओल को एकादश में शामिल किया था लेकिन उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला जिस पर हरमनप्रीत ने कहा,'हमने सोचा था कि हम हरलीन को मौका देंगे लेकिन आज मिली शुरुआत के बाद हमने ऋचा को जल्दी भेजना पड़ा क्योंकि उससे तेज रन कोई नहीं बना सकता। स्मृति और शेफाली की पारियों के कारण हरलीन को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article