LSG vs MI, Hardik Pandya Post Match Statement: पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस इस समय ऐसे दौर से गुजर रही है जिसके बारे में उसने सोचा भी नहीं होगा। मंगलवार रात लखनऊ के मैदान पर उनको 9 मैचों में अपनी सातवीं हार का सामना करना पड़ा, जब मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स ने उनको 4 विकेट से शिकस्त दे दी। इस हार के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की अगुवाई वाले टीम के टॉप बल्लेबाजी ऑर्डर को लेकर ऐसा बयान दे दिया जो फैंस के बीच पांड्या के गुस्से को और बढ़ा सकता है।
आईपीएल 2024 के इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी और उन्होंने 7 विकेट पर कुल 144 रन ही बनाए। इस दौरान टीम के टॉप ऑर्डर में रोहित शर्मा (4 रन) और सूर्यकुमार यादव (10 रन) इस बार फेल रहे लेकिन ईशान किशन ने अच्छा संघर्ष करते हुए 32 रनों की पारी खेली। इस पारी के दौरान हार्दिक पांड्या ने गैरजिम्मेदाराना अंदाज में बल्लेबाजी की और पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद नेहल वढेरा (46) और टिम डेविड (नाबाद 35) ने किसी तरह टीम को 144 रन तक पहुंचाया।
जवाब में लखनऊ की टीम ने मार्कस स्टोइनिस (62 रन) के दम पर 19.2 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार के बाद मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा, "मुझे लगता है कि शुरुआती विकेटों से उबर पाना आसान नहीं होता और वही आज हम कर नहीं सके। आपको फिर भी गेंद को देखकर हिट करना होगा। हम उन गेंदों पर चूक गए और आउट हो गए। उसी तरह का हमारा सीजन इस बार गया है। आपको अपना सौ प्रतिशत देना होगा।"
रोहित शर्मा और टॉप ऑर्डर पर ऐसी प्रतिक्रिया से पहले पांड्या ने एक बार भी नहीं सोचा कि एक मध्यक्रम के सीनियर बल्लेबाज के रूप में उनकी क्या जिम्मेदारी है। जबकि मुंबई के टॉप ऑर्डर ने सीजन में खूब रन बनाए हैं, मध्यक्रम में ही उनको चोट लगी है। हार्दिक पांड्या लगातार हर मैदान पर फैंस का गुस्सा हूटिंग के रूप में झेलते आ रहे हैं, शायद उनके इस बयान के बाद ये और बढ़ जाए। हालांकि उनको टी20 विश्व कप 2024 के लिए टीम इंडिया में उपकप्तान बना दिया गया है, जिस पर भी तमाम लोगों के अलग-अलग मत हैं।
