भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 विश्व कप 2022 का अभ्यास मैच सोमवार को ब्रिस्बेन में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने शानदार अंदाज में मेजबान टीम को 6 रन से शिकस्त देकर ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर अपना मनोबल बढ़ाने का काम किया। मैच में 187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम अचानक भारत के एक फैंसले से दंग रह गई जब पूरा मैच ना खेलने वाले शमी को अंतिम ओवर करने के लिए बुलाया गया और शमी ने पूरा खेल पलट दिया।
अंतिम ओवर में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे लेकिन शमी ने ऐसा नहीं होने दिया। जसप्रीत बुमराह की जगह टी20 विश्व कप 2022 के लिए भारतीय टीम से जुड़ने वाले मोहम्मद शमी ने अपने इस एकमात्र अंतिम ओवर में चार लगातार गेंदों पर विकेट गिराते हुए हंगामा मचा दिया। ऑस्ट्रेलिया 180 पर ऑलआउट हो गई और भारत जीत गया। इसमें शमी ने एक रन आउट किया जबकि तीन विकेट अपने खाते में डाले।
इससे पहले जब टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी तब भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या से काफी उम्मीदें थीं जो पिछले काफी समय से लय में चल रहे हैं। लेकिन पांड्या 14वें ओवर में 2 रन बनाकर केन रिचर्डसन की एक गेंद पर आसान कैच थमा बैठे और आउट हो गए। इससे कुछ देर पहले पांड्या का सामना मिचेल स्टार्क से भी हुआ था।
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज पेसर स्टार्क की एक आउटस्विंगर पर पांड्या कुछ इस कदर डगमगाए कि ना गेंद समझ आई और ना शॉट लगा। तभी पांड्या दूसरे छोर पर अपने साथी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के पास गए और कहा- "मुझे पता ही नहीं चला, कब आया, कब बीट हुआ। पता ही नहीं चला।" उनकी ये आवाज स्टंप माइक में कैद हो गई और अब वीडियो वायरल है, आप भी देखिए..
मैच के असल हीरो मोहम्मद शमी बने जिन्होंने 1 ओवर में कमाल करते हुए 4 विकेट गिराए और ऑस्ट्रेलिया की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब देखना दिलचस्प होगा कि शमी को टी20 विश्व कप के मुख्य मैचों शीर्ष एकादश में शामिल किया जाता है या नहीं।
