क्रिकेट

IND vs SA 3rd T20: एलिट क्लब में शामिल हो सकते हैं हार्दिक पांड्या, केवल 3 क्रिकेटर ही कर पाएं ये कारनामा

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैच की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज धर्मशाल में खेला जाएगा। इस मुकाबले में हार्दिक पांड्या एक खास क्लब में शामिल हो सकते हैं। वह इस रिकॉर्ड से केवल एक कदम दूर खड़े हैं।

Image

भारत बनाम साउथ अफ्रीका (साभार-BCCI)

IND vs SA: टी20 फॉर्मेट में हार्दिक पांड्या का कोई मुकाबला नहीं है। बल्ले से गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने हों या गेंद से बल्लेबाजों पर कहर ढाना हो, हार्दिक दोनों ही काम बेहद प्रभावी ढंग से करते हुए भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान देते हैं। कटक में खेले गए सीरीज के पहले टी20 में उनका तूफानी अर्धशतक इसका ताजा उदाहरण है। हालांकि, दूसरे मुकाबले में वह कुछ खास नहीं कर पाए थे, लेकिन धर्मशाला में खेले जाने वाले सीरीज के तीसरे टी20 में हार्दिक पांड्या बतौर ऑलराउंडर एक बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं।

32 साल के हार्दिक पांड्या ने 122 टी20 मैचों की 96 पारियों में 6 अर्धशतक लगाते हुए 1,939 रन बनाए हैं और 99 विकेट लिए हैं। अगर धर्मशाला टी20 में हार्दिक 61 रन बनाने और 1 विकेट लेने में कामयाब रहते हैं, तो 2,000 टी20 रन और 100 विकेट लेने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। बतौर गेंदबाज वह टी20 में 100 विकेट लेने वाले अर्शदीप और जसप्रीत बुमराह के बाद भारत के तीसरे गेंदबाज भी बन सकते हैं।

हार्दिक 2,000 टी20 रन और 100 टी20 विकेट का आंकड़ा छूते ही बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन, अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी और जिम्बाब्वे के मौजूदा टी20 कप्तान सिकंदर रजा की सूची में आ जाएंगे। शाकिब अल हसन ने 129 टी20 में 13 अर्धशतक की मदद से 2,551 रन बनाने के साथ ही 149 विकेट लिए हैं। मोहम्मद नबी ने 145 टी20 में 7 अर्धशतक की मदद से 2,417 रन बनाने के साथ ही 104 विकेट लिए हैं। वहीं सिकंदर रजा ने 127 टी20 में 1 शतक और 16 अर्धशतक की मदद से 2,883 रन बनाने के अलावा 102 विकेट लिए हैं। भविष्य में हार्दिक पांड्या के पास इन तीनों को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का सफलतम टी20 ऑलराउंडर बनने का अवसर है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article