क्रिकेट

हरभजन ने फर्स्ट टेस्ट से पहले टीम इंडिया को दी ये खास सलाह

IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले पूर्व भारतीय गेंदबाज हरभजन सिंह ने टीम इंडिया को खास सलाह दी है। हरभजन ने सोमवार को ‘पीटीआई वीडियोज’ से कहा, ‘‘भारत को कुलदीप यादव को खिलाने पर विचार करना चाहिए।

Image

भारत और इंग्लैंड (साभार-X)

IND vs ENG: दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की टेस्ट सीरीज से पहले एक खास सलाह दी है। उन्होंने कहा स्पिनर कुलदीप यादव को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में रविंद्र जडेजा के साथ शामिल करने का समर्थन किया है। सीरीज का पहला मैच 20 जून को लीड्स में शुरू होगा। पारंपरिक रूप से लीड्स की पिच से स्पिनरों की तुलना में तेज गेंदबाजों को अधिक मदद मिलती है। हरभजन ने सोमवार को ‘पीटीआई वीडियोज’ से कहा, ‘‘भारत को कुलदीप यादव को खिलाने पर विचार करना चाहिए। बेशक जडेजा उनके साथ गेंदबाजी करेंगे। इसलिए तीन तेज गेंदबाजों के साथ दो स्पिनर इस मैच के लिए एकदम सही जोड़ी होंगे।’’

हरभजन ने बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप को किसी भी तरह की परिस्थितियों में संभावित मैच विजेता करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘देखते हैं कि क्या परिस्थितियां बदलती हैं और स्पिनरों को मदद मिलती है। लेकिन अगर ऐसा नहीं भी होता है तो भी मुझे लगता है कि ये दो सक्षम गेंदबाज हैं जो किसी भी पिच पर विकेट ले सकते हैं।’’ अपने अनुभव के आधार पर हरभजन ने 2002 में हेडिंग्ले में दो स्पिनरों को मैदान में उतारने के भारत के साहसिक फैसले को याद किया जब उन्होंने और अनिल कुंबले ने मिलकर 11 विकेट चटकाए थे।

हरभजन ने कहा, ‘‘उस समय यह एक बहुत ही अनोखा फैसला था। पिच पर काफी घास थी लेकिन प्रबंधन ने फैसला किया कि हम दो स्पिनरों और दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरेंगे और संजय बांगड़ भी गेंदबाजी करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने पांच सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों को चुना जो विकेट ले सकते थे। अंत में यही मायने रखता है। आपको उन गेंदबाजों का समर्थन करना चाहिए जो किसी भी परिस्थिति या किसी भी तरह की पिच पर विकेट ले सकते हैं।’’

शारदुल ठाकुर ने भारत की दो टीम के बीच हुए अभ्यास मैच में शतक बनाया और विकेट लिए तथा हरभजन का मानना है कि टीम में तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के स्थान के लिए उनका पलड़ा नितीश रेड्डी पर भारी है। हरभजन ने कहा, ‘‘भारत को एक ऐसे गेंदबाज की जरूरत है जो थोड़ी बल्लेबाजी भी कर सके। भारत के पास नंबर सात तक बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी हैं और नंबर आठ पर आपको यह देखना होगा कि कौन गेंदबाजी कर सकता है और आपके लिए विकेट ले सकता है तथा थोड़ी बल्लेबाजी भी कर सकता है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे हिसाब से यहीं पर शारदुल नितीश रेड्डी पर भारी पड़ेंगे। नितीश एक बेहतरीन बल्लेबाज हैं जो गेंदबाजी भी कर सकते हैं। लेकिन हमने उन्हें आईपीएल में ज्यादा गेंदबाजी करते नहीं देखा है।’’ इस पूर्व स्पिनर ने कहा, ‘‘गौतम (गंभीर) भी हैं। वह बहुत ही काबिल कोच हैं। और मुझे यकीन है कि वह सही फैसला करेंगे।’’ हरभजन ने सरफराज खान को टेस्ट टीम से बाहर किए जाने पर भी अपनी राय रखी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है... मैं उनका नाम टीम में नहीं देखकर थोड़ा हैरान हूं। मुझे यकीन है कि वह मजबूती से वापसी करेंगे। उनमें वापसी करने की इच्छाशक्ति है। मैं बस इतना कह सकता हूं कि निराश मत होना, आपको आज नहीं तो कल आपका हक मिलेगा...करुण नायर को देखिए।’’ हरभजन ने कहा, ‘‘उन्होंने (नायर ने) इंग्लैंड के खिलाफ 300 रन बनाए और फिर उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले। अब वह टीम के साथ इंग्लैंड में वापस आ गए हैं।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article