टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग आज अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 20 अक्टूबर 1978 को दिल्ली में हुआ था। 'नजफगढ़ का नवाब' और 'मुल्तान का सुल्तान' कहे जाने वाले सहवाग का शुमार अपने दौर के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में से थे। वह पहली गेंद से ही गेंदबाजों पर हावी होना का प्रयास करते थे मैच में किसी भी परिस्थिति में बाउंड्री हासिल करने का माद्दा रखते थे। उनका टेस्ट में 82.23, वनडे में 104.33 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 145.38 का स्ट्राइक रेट रहा।
मैच में किसी भी बल्लेबाज के लिए नई गेंद का सामना करना सबसे बड़ी चुनौती होती है तो ऐसे में सहवाग खुद को शांत रखने के लिए अलग-अलग टेक्निक आजमाते थे। सहवाग खेल पर ध्यान केंद्रित करने के लिए गाने गाते थे। पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ने खुद भी खुलासा किया कि वह बल्लेबाजी करते हुए गाने गाते थे। सहवाग की सिंगिंग वाली बैटिंग एक मर्तबा कैमरे पर भी रिकॉर्ड हो गई थी। उन्होंने साल 2015 में क्रिकेट ऑल-स्टार सीरीज में बॉलीवुड सॉन्ग गाते हुए छक्का मारा था।
वीडियो में देखा जा सकता है कि सहवाग तीसरी ओवर की पांचवीं गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के लिए तैयार हैं। वह 'तू जाने ना' गाना गाते हैं और हवाई फायर देते हैं। सहवाग को शॉट खेलने के बाद भरोसा होता है कि गेंद बाउंड्री के पार जाएगी और वह फौरन स्ट्राइक चेंज करने के लिए सचिन तेंदलुकर की तरफ बढ़ जाते हैं। सगवाग का कूल अंदाज में यह शॉट देखकर कमेंटेटर भी हैरान रह जाता है। बता दें कि 'तू जाने ना' सॉन्ग मशहूर बॉलीवुड फिल्म 'तू जाने ना' अजब प्रेम की गजब कहानी का है।
सहवाग ने अंडर-19 क्रिकेट में धमाल माचने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई थी। सहवाग ने अपने करियर की शुरुआत मध्यक्रम के बल्लेबाज के रूप में की थी। सगवाग को सौरव गांगुली ने पारी की शुरुआत करने का मौका दिया, जिसके बाद पूर्व ओपनर ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। सहवाग ने टेस्ट में 8586, वनडे में 8273 और टी 20 अंतरराष्ट्रीय में 394 रन बनाए।
