क्रिकेट

GT vs SRH Pitch Report: गुजरात बनाम हैदराबाद के बीच आज के आईपीएल मैच की पिच रिपोर्ट

IPL 2025, GT vs SRH Pitch Report In Hindi Today Match: आज (02 May,2025) इंडियन प्रीमियर लीग में शुक्रवार को खेले जाने वाले सीजन के 51वें मुकाबले में गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच भिड़ंत होगी। ये मुकाबला 9 मैच में 3 जीत और 6 हार का सामना कर चुकी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए करो या मरो का है। यहां हम जानेंगे गुजरात और हैदराबाद के बीच आज के मैच की पिच रिपोर्ट और खास आंकड़े।

Image

गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद पिच रिपोर्ट

GT vs SRH Pitch Report In Hindi Today Match IPL 2025: आईपीएल का 18वां सीजन अपने आखिरी दौर की ओर बढ़ चला है। सीजन के 51वें मुकाबले में गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद (Gujarat Titans vs Sunrisers Hyderabad) का आमना सामना होने जा रहा है। मैच का आयोजन अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। अब तक टूर्नामेंट में गुजरात की टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा है। गुजरात ने अबतक खेले 9 मैच में से 6 में जीत दर्ज की है और 3 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। अंक तालिका में गुजरात 12 अंक के साथ चौथे पायदान पर है। वहीं पिछले सीजन की फाइनलिस्ट सनराइजर्स हैदराबाद का हाल मौजूदा सीजन में अबतक बेहाल रहा है। हैदराबाद ने 9 मैच में 3 में जीत दर्ज की है और 6 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। अंक तालिका में हैदराबाद की टीम -1.103 के नेट रन रेट के साथ नौवें पायदान पर है। शुभमन गिल (Shubman Gill) की कप्तानी वाली गुजरात टाइटन्स की टीम मुंबई, आरसीबी, हैदराबाद,राजस्थान, दिल्ली और कोलकाता को मात दी है। वहीं गुजरात को राजस्थान, लखनऊ और पंजाब के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। वहीं पैट कमिंस (Pat Cummins) की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद की टीम राजस्थान, पंजाब और चेन्नई के खिलाफ जीत दर्ज कर सकी है। वहीं उसे लखनऊ, दिल्ली, कोलकाता, गुजरात और मुंबई के खिलाफ दो बार हार का सामना करना पड़ा है। आज गुजरात और हैदराबाद के बीच बड़ा मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।

इंडियन प्रीमियर लीग में आज गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले मैच से पहले पॉइंट्स टेबल में इनकी मौजूदा स्थिति देख लेते हैं। गुजरात टाइटन्स की टीम 9 मैच में 6 जीत और 3 हार के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। उसका नेट रन रेट 0.748 का है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 9 मैच में 3 जीत और 6 हार के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। हैदराबाद का नेट रन रेट -1.103 का है। सनराइजर्स हैदराबाद अगर शुक्रवार को खेले जाने वाले मुकाबले में हार जाती है तो उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं खत्म हो जाएंगी। अब जान लेते हैं कि आईपीएल इतिहास में इन दोनों टीमों के टक्कर के आंकड़े क्या कुछ कहते हैं। गुजरात और हैदराबाद के बीच अब तक आईपीएल इतिहास में 5 मैच हो चुके हैं। जिसमें गुजरात ने 3 मैच में जीत दर्ज की है। वहीं एक मैच हैदराबाद के खाते में गया। एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। इस लिहाज से गुजरात का पलड़ा आंकड़ों और मौजूदा फॉर्म के लिहाज से भारी नजर आ रहा है।

गुजरात टाइटन्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच की पिच रिपोर्ट (GT vs SRH Pitch Report)

मेजबान गुजरात टाइटंस और मेहमान राजस्थान रॉयल्स के बीच आज होने वाला आईपीएल 2025 का मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में होने जा रहा है, तो यहां की पिच के बारे में आपको बताते हैं। दुनिया के सबसे क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर बल्लेबाज ही हावी होते नजर आए हैं। हालांकि शुरुआत में तेज गेंदबाज और बीच के ओवरों में स्पिनर्स बैटिंग टीम को कुछ झटके जरूर देंगे। यहां अब तक सबसे बड़ा आईपीएल टी20 टीम स्कोर पंजाब किंग्स के नाम दर्ज है जब उन्होंने मेजबान गुजरात की टीम के खिलाफ मौजूदा सीजन में खेले गए मुकाबले में 5 विकेट पर 243 रन बना दिए थे। वहीं, नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर न्यूनतम आईपीएल स्कोर (89 रन) मेजबान गुजरात टाइटंस टीम के नाम दर्ज हो रखा है। यहां सर्वाधिक लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा पंजाब किंग्स ने पिछले आईपीएल सीजन में गुजरात टाइटंस के खिलाफ किया था जब उन्होंने 200 रन बनाकर जीत दर्ज की थी। अहमदाबाद की पिच पर पहली पारी का औसत स्कोर 170 रन है। यहां खेले गए अब तक के 37 आईपीएल मैचों में 17 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि बाद में बैटिंग करने वाली टीम को 20 मुकाबलों में जीत हासिल हुई है। आंकड़ों की नजर से देखें तो यहां पूरे मैच में पिच पर बल्लेबाज अपना दबदबा कायम कर सकते हैं।

आईपीएल में आज गुजरात और हैदराबाद के बीच खेले जाने वाले मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In GT vs SRH IPL Match Today)

मेजबान गुजरात टाइटन्स और मेहमान सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आज होने वाले आईपीएल 2025 के मैच में फैंस की निगाहें कई सितारों पर रहेंगी जो मैदान पर अपना दम दिखाने को बेताब होंगे। दोनों ही टीमों में ऐसे कई विश्व स्तरीय खिलाड़ी मौजूद हैं। गुजरात टाइंटस के लिए कप्तान गिल के अलावा इस सीजन में रनों की बौछार करने वाले साई सुदर्शन (Sai Sudharsan), तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) और प्रसिद्ध कृष्णा (Prasidh Krishna) के साथ-साथ विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर (Jos Buttler) और स्पिनर साई किशोर (Sai Kishore) से उनकी टीम की उम्मीदें बंधी होंगी। सनराइजर्स हैदराबाद टीम की बात करें तो उनकी तरफ से टीम के दोनों ओपनर्स भिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) और ट्रेविस हेड (Travis Head) से एक बार फिर अच्छी व बड़ी शुरुआत की उम्मीद रहेगी। उनके अलावा कप्तान पैट कमिंस की धारदार गेंदबाजी, उनका साथ देने के लिए मौजूद होंगे भारतीय पेसर मोहम्मद शमी (Mohammed Shami), अनुभवी पेसर हर्षल पटेल (Harshal Patel) और इस सीजन में हैदराबाद के इकलौते शतकवीर ईशान किशन (Ishan Kishan) से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।

गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल 2025 में टीमें (Gujarat Titans And Sunrisers Hyderabad In IPL 2025)

सनराइजर्स हैदराबाद:

पैट कमिंस (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अथर्व तायदे, अभिनव मनोहर, अनिकेत वर्मा, सचिन बेबी, स्मरण रविचंद्रन, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), ट्रैविस हेड, हर्षल पटेल, कामिंडु मेंडिस, वियान मुल्डर, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद शमी, राहुल चाहर, सिमरजीत सिंह, जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा।

गुजरात टाइटंस:

शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), बी साई सुदर्शन, शाहरुख खान, शेरफेन रदरफोर्ड, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कैगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, महिपाल लोमरोर, अरशद खान, जयंत यादव, निशांत सिंधु, कुलवंत खेजरोलिया, गेराल्ड कोएट्जी, मानव सुथार, कुमार कुशाग्र, गुरनूर बराड़ और करीम जनत।

अहमदाबाद में आज के मौसम का हाल (Ahmedabad Weather Today)

गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आज आईपीएल 2025 के 51वें मैच का आयोजन अहमदाबाद में होने जा रहा है, तो यहां के मौसम की जानकरी भी आपको दे देते हैं। अहमदाबाद में गर्मी अपने चरम पर है। दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहेगा। ऐसे में बारिश की बिलकुल भी संभावना नहीं है। शाम को जब मैच शुरू होगा तब तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मैच खत्म होते तक यह 35 डिग्री तक आ जाएगा। उमस कम रहेगी। भीषण गर्मी में खिलाड़ियों के लिए खेलना आसान नहीं होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article