क्रिकेट

Gautam Gambhir vs Virat Kohli: विराट कोहली के साथ अपने रिश्ते पर ये क्या बोल गए गौतम गंभीर

Gautam Gambhir Press Conference, Gautam Gambhir vs Virat Kohli: टीम इंडिया के हेड कोच बनने के बाद गौतम गंभीर सोमवार को पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए। उन्होंने कई मुद्दों पर खुलकर बातें की। इस दौरान गंभीर ने अपने और विराट कोहली के रिश्ते पर भी बयान दिया।

Image

गौतम गंभीर और विराट कोहली। (फोटो- Gautam Gambhir/BCCI X)

Photo : Twitter

Gautam Gambhir Press Conference, Gautam Gambhir vs Virat Kohli: भारत के नवनियुक्त मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सोमवार को घोषणा की कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के साथ उनका बहुचर्चित रिश्ता टीआरपी के लिये नहीं बल्कि उन दोनों के बीच है और आने वाले समय में दोनों एक लक्ष्य के लिये ही काम करने वाले हैं। गंभीर और कोहली अच्छे दोस्त नहीं रहे और यह आईपीएल में दोनों के बीच कई बार टकराव से स्पष्ट है। हालांकि अब यह जोड़ी 27 जुलाई से श्रीलंका के टी20 और एकदिवसीय दौरे से एक साथ काम करेगी।

गंभीर ने संवाददाताओं से कहा, ‘टीआरपी के लिये अच्छा है लेकिन मेरा रिश्ता सार्वजनिक नहीं है। विराट कोहली के साथ मेरा रिश्ता हम दोनों के बीच है और यह दो परिपक्व लोगों के बीच का रिश्ता है।’ मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर के साथ गंभीर श्रीलंका दौरे से पहले प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। भारत को श्रीलंका में तीन टी20 और तीन वनडे खेलने हैं। कोहली के संदर्भ में उन्होंने कहा, ‘हमने बहुत चर्चा की है और हर किसी के पास अपनी जर्सी के लिए लड़ने का अधिकार है।’

गंभीर ने कहा,‘लेकिन इस समय हम भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं । 140 करोड़ भारतीयों का और मुझे यकीन है कि हम एक लक्ष्य के लिये काम कर रहे हैं और भारत को गौरवान्वित करने की कोशिश करेंगे।’हाल ही में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले कोहली श्रीलंका दौरे पर भारत की वनडे टीम का हिस्सा हैं। गंभीर ने कहा कि मैदान से बाहर दोनों के संबंध बहुत अच्छे हैं। उन्होंने कहा,‘और ऐसा ही रहेगा । लेकिन इसे सार्वजनिक करने की जरूरत नहीं । यह दो व्यक्तियों के बीच का संबंध है । मैंने उससे काफी बात की है और एक दूसरे को मैसेज भेजे हैं।’

उन्होंने कहा,‘कई बार हम सिर्फ सुर्खियां चाहते हैं , यह महत्वपूर्ण नहीं है । इस समय सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम दोनों भारत का परचम लहराने के लिये काफी मेहनत करेंगे। यही हमारा काम है।’ श्रीलंका दौरे के लिये भारत के पूर्व हरफनमौला अभिषेक नायक और नीदरलैंड के पूर्व बल्लेबाज रियान टेन डोइशे भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा होंगे जो गंभीर के साथ आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये काम कर चुके हैं।

गंभीर ने कहा कि सहयोगी स्टाफ के बारे में विस्तार से श्रीलंका दौरे के बाद पता चलेगा। उन्होंने कहा,‘मैं बीसीसीआई से बहुत खुश हूं । उन्होंने मुझे अधिकांश चीजे दी जो मैने मांगी थी । श्रीलंका दौरे के बाद सहयोगी स्टाफ के बारे में विस्तार से जानकारी मिलेगी । अभी अभिषेक और रियान सहायक कोच हैं और टी दिलीप फील्डिंग कोच रहेंगे। साईराज बहुतुले श्रीलंका दौरे के लिये अंतरिम गेंदबाजी कोच हैं।’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article