Team India next coach: पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने राहुल द्रविड़ की जगह भारत का अगला मुख्य कोच बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं। द्रविड़ को नवंबर 2021 में कोच बनाया गया था और उनका अनुबंध टी20 वर्ल्ड कप तक बढ़ा दिया गया था। ऐसे में जून में उनका कांट्रेक्ट समाप्त हो रहा है।
बीसीसीआई ने पिछले हफ्ते नए मुख्य कोच पद के लिए एक विज्ञापन जारी किया था और बीसीसीआई सचिव जय शाह ने पुष्टि की थी कि अगर द्रविड़ पद पर बने रहना चाहते हैं, तो वह फिर से आवेदन कर सकते हैं। लेकिन यह बताया गया है कि वह दूसरा कार्यकाल लेने के इच्छुक नहीं हैं।
गौतम गंभीर रेस में सबसे आगे
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार गंभीर और जयवर्धने भारत के नए मुख्य कोच बनने के प्रबल दावेदारों में से हैं। गंभीर मौजूदा आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ मेंटर के रूप में जुड़े हुए हैं और उनके मार्गदर्शन में, शाहरुख खान के स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी आईपीएल इतिहास में पहली बार अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची है।
महेला जयवर्धने भी रेस में शामिल
दूसरी ओर जयवर्धने मुंबई इंडियंस में क्रिकेट के प्रमुख हैं और दुनिया भर की विभिन्न लीगों में फ्रेंचाइजी की टीमों की देखरेख करते हैं। उन्होंने पहले एमआई के मुख्य कोच के रूप में काम किया है और 2017, 2019 और 2020 में उनके साथ तीन आईपीएल खिताब जीते हैं। जयवर्धने अपने समय के क्लास प्लेयर रह चुके हैं और वे अगले कोच हो सकते हैं।
