क्रिकेट

BCCI Senior Selection Committee: भारत की सीनियर सिलेक्शन कमेटी में हुए दो बदलाव, दो पूर्व टेस्ट क्रिकेटरों की हुई एंट्री

अजीत आगरकर की अध्यक्षता वाली बीसीसीआई की सीनियर सिलेक्शन कमिटी में दो नए सदस्यों की एंट्री हुई है। जानिए कौन हैं वो दो पूर्व अनुभवी क्रिकेटर?

Image

आरपी सिंह और प्रज्ञान ओझा

मुंबई: बीसीसीआई की मुंबई में रविवार 28 सितंबर को आयोजित हुई एजीएम में भारत की सीनियर सिलेक्शन कमेटी के साथ अन्य सिलेक्शन कमिटी में भी बदलाव पर मुहर लगी। भारत की सीनियर सिलेक्शन कमेटी में भारत के दो पूर्व क्रिकेटर आरपी सिंह और प्रज्ञान ओझा की एंट्री हुई। वहीं दिल्ली की अमिता शर्मा को महिला चयन समिति की चेयरपर्सन नियुक्त की गईं। एस.शरत को जूनियर चयन पैनल का चेयरमैन बनाया गया है, शरत साल 2023 से सीनियर सिलेक्शन कमेटी का हिस्सा थे।

दूसरे सबसे अनुभवी सदस्य बने आरपी सिंह, पांचों सदस्य हैं टेस्ट क्रिकेटर

बीसीसीआई की सीनियर सिलेक्शन कमिटी में अध्यक्ष अजीत आगरकर के साथ शिव सुंदर दास, अजय रात्रा, आरपी सिंह और प्रज्ञान ओझा हैं। लंबे समय अंतराल के बाद चयन समिति के पांचों सदस्य टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं। अजीत आगरकर इन पांच सदस्यों में सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्होंने भारत के लिए 26 टेस्ट, 191 वनडे और 4 टी20 मैच खेले हैं। वहीं शिव सुंदर दास ने भारत के लिए 23 टेस्ट और 4 वनडे मैच खेले। पूर्व विकेटकीपर अजय रात्रा ने भारत के लिए 6 टेस्ट और 12 वनडे मैच खेल चुके हैं। चयन समिति में एंट्री करने वाले आरपी सिंह ने भारत के लिए अपने करियर में 14 टेस्ट, 58 वनडे और 10 टी20आई मैच खेले। वो साल 2007 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे थे। बांए हाथ के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट, 18 वनडे और 6 टी20आई मैच खेले हैं।

बेहद अनुभवी हुई सिलेक्शन कमेटी

भारत की सीनियर सिलेक्शन कमिटी दो नए सदस्यों की एंट्री के बाद बहुत अनुभवी हो गई है। कमिटी के पास अब साझा रूप से 93 टेस्ट, 278 वनडे और 20 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों का अनुभव है। कमेटी का नेचर भी विविध हो गया है। अध्यक्ष अजीत आगरकर दाहिने हाथ के तेज गेंदबाज और बल्लेबाज थे। वहीं शिव सुंदर दास सलामी बल्लेबाज रहे हैं। अजय रात्रा विकेटकीपर रहे हैं। आरपी सिंह बांए हाथ के तेज गेंदबाज थे। प्रज्ञान ओझा बांए हाथ के स्पिनर थे। ऐसे में सिलेक्शन कमिटी के पास क्रिकेट के तकरीबन हर पहलू की विशिष्ट समझ वाले खिलाड़ी अब चयन समिति में शामिल हो गए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article