क्रिकेट

भारत से हार के बाद पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने इंग्लैंड टीम पर ऐसे साधा निशाना

IND vs ENG ODI Series 2025: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज केविन पीटरसन ने भारत दौरे पर अभ्यास की कमी के लिए इंग्लैंड टीम पर निशाना साधते हुए कहा कि खिलाड़ियों को नेट गेंदबाजों का सामना करना चाहिए था और स्पिन खेलने की अपनी क्षमता पर काम करना चाहिए था। इंग्लैंड के लिए भारत का सीमित ओवरों का दौरा बेहद निराशाजनक रहा जिसमें टीम को टी20 श्रृंखला 1-4 से गंवाने के बाद एकदिवसीय श्रृंखला में 0-3 से क्लीनस्वीप का सामना करना पड़ा।

Image

केविन पीटरसन (Instagram)

पूर्व स्टार बल्लेबाज केविन पीटरसन ने भारत दौरे पर अभ्यास की कमी के लिए इंग्लैंड टीम पर निशाना साधते हुए कहा कि खिलाड़ियों को नेट गेंदबाजों का सामना करना चाहिए था और स्पिन खेलने की अपनी क्षमता पर काम करना चाहिए था। इंग्लैंड के लिए भारत का सीमित ओवरों का दौरा बेहद निराशाजनक रहा जिसमें टीम को टी20 श्रृंखला 1-4 से गंवाने के बाद एकदिवसीय श्रृंखला में 0-3 से क्लीनस्वीप का सामना करना पड़ा।

इंग्लैंड ने कोलकाता में पहले टी20 मैच के साथ दौरे की शुरुआत से पहले दो ट्रेनिंग सत्र आयोजित किए जबकि दूसरे और तीसरे टी20 मैच से पहले उन्होंने क्रमश: चेन्नई और राजकोट में एक-एक ट्रेनिंग सत्र में हिस्सा लिया। मेहमान टीम ने हालांकि पुणे और मुंबई में क्रमशः चौथे और पांचवें टी20 मैच से पहले ट्रेनिंग नहीं की। टीम ने कटक और अहमदाबाद में दूसरे और तीसरे एकदिवसीय मैच से पहले भी ट्रेनिंग सत्र आयोजित नहीं किए।

निराश पीटरसन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मुझे खेद है, लेकिन मैं इस बात से पूरी तरह हैरान हूं कि इंग्लैंड ने पहला एकदिवसीय मैच हारने और टी20 श्रृंखला गंवाने के बाद से एक भी अभ्यास सत्र आयोजित नहीं किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह कैसे हो सकता है? कैसे? मेरा मानना है कि नागपुर के बाद इस श्रृंखला में जो रूट एकमात्र खिलाड़ी थे जिन्होंने नेट अभ्यास किया।’’

इंग्लैंड की स्पिन का सामना करने में असमर्थता पूरी श्रृंखला में बड़ा मुद्दा रही और इसने अगले हफ्ते पाकिस्तान और यूएई में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम के लिए गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। पीटरसन ने कहा, ‘‘इस दुनिया में एक भी खिलाड़ी ऐसा नहीं है जो ईमानदारी से कह सके कि वे बिना अभ्यास के बेहतर हो सकते हैं जबकि वे हार रहे हैं। इंग्लैंड की टीम में एक भी खिलाड़ी ऐसा नहीं हो सकता जो भारत से रवाना होने वाले विमान में बैठकर खुद से कहे कि उन्होंने इंग्लैंड को जीतने में मदद करने के लिए हर संभव कोशिश की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘और इसके कारण मैं आज शाम बहुत दुखी हूं। हारना ठीक है अगर आप हर दिन बेहतर होने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं और अगर इंग्लैंड ने इस श्रृंखला के दौरान ट्रेनिंग नहीं की तो उन्होंने प्रयास नहीं किया। किसी भी इंग्लैंड प्रशंसक के लिए यह दुखद है।’’ इंग्लैंड को बुधवार को तीसरे और अंतिम एकदिवसीय में 142 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस दौरान कमेंट्री करने वाले पीटरसन ने बताया कि चोटिल जैकब बेथेल की जगह लेने वाले टॉम बैनटन ने मैच से पहले का दिन ट्रेनिंग करने के बजाय गोल्फ कोर्स पर बिताया।

उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं क्रिकेट खेलता था तो कभी गोल्फ नहीं खेलता था। मैं नेट पर हजारों गेंदों का सामना करता था, यहां उपमहाद्वीप में सुधार करने की कोशिश करता था। इंग्लैंड में ब्रेक लो।’’ पीटरसन ने कहा, ‘‘इंग्लैंड को बहुत निराशा होगी लेकिन इसके लिए वे खुद ही दोषी हैं। हार का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोच-विचार करने की जरूरत है। अगर आप अभ्यास नहीं करते तो आप बेहतर नहीं बन सकते।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उपमहाद्वीप ही वह जगह है जहां आप इन खिलाड़ियों को खेलने की कला सीखते हैं। नेट पर सभी तरह के स्पिनरों को खेलकर... इंग्लैंड को नेट पर घंटों समय बिताना चाहिए और भारत से यह सोचकर जाना चाहिए कि वे अब स्पिन के बेहतर खिलाड़ी हैं।’’ पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने भी इंग्लैंड के पर्याप्त ट्रेनिंग नहीं करने पर अपना पक्ष रखा।

शास्त्री ने कमेंट्री करते हुए कहा, ‘‘मैंने जो सुना है उसके अनुसार इंग्लैंड ने इस पूरे दौरे में सिर्फ एक नेट सत्र किया। अगर आप कड़ी मेहनत करने के लिए तैयार नहीं हैं तो आप बेहतर नहीं बन पाएंगे।’’ हालांकि कप्तान जोस बटलर ने अपनी टीम के ट्रेनिंग कार्यक्रम का बचाव किया। बटलर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं लगता कि यह सच है। हमारा दौरा काफी लंबा था, कुछ दिन लंबी यात्रा भी की। कई बार ऐसा हुआ कि हमने ट्रेनिंग नहीं की लेकिन हमने पूरे दौरे के दौरान काफी ट्रेनिंग की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम निश्चित रूप से एक बहुत अच्छा माहौल बनाने की कोशिश करते हैं लेकिन इसे आलसी माहौल या प्रयास की कमी नहीं समझें। खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करने और सुधार करने के लिए बेताब हैं।’’

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article