क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया की शर्मनाक हार पर भड़के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग, बोले- सिर से ऊपर जा चुका है पानी

AUS vs BAN: पोंटिंग ने खासतौर पर ओपनिंग जोड़ी और नंबर 3 पर निशाना साधा। उनका कहना था कि मार्नस लाबुशेन और जेक वेदराल्ड के बल्ले से रन नहीं निकल रहे। मार्नस 2023 एशेज के बाद से शतक से दूर हैं और उनका औसत लगातार गिर रहा है।

Image

ऑस्ट्रेलिया की हार पर भड़के पोंटिंग (फोटो साभार- ICC/X)

AUS vs BAN: डार्विन टेस्ट में बांग्लादेश के हाथों मिली करारी हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में भूचाल आ गया है। 2023 की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन टीम को बांग्लादेश ने 9 विकेट से रौंद दिया। इस नतीजे के बाद पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने साफ कहा कि अब टीम की हालत सिर से ऊपर जा चुकी है और बड़े बदलावों की जरूरत है।

पोटिंग ने दिया कड़े फैसले लेने का सुझाव

एक निजी चैनल से बात करते हुए पोंटिंग ने कहा कि ये हार चौंकाने वाली नहीं है। "मैं पिछले एक साल से कह रहा हूं कि ये टीम को दोबारा खड़ा करने का सही समय है। मैं बदलाव का सबसे बड़ा विरोधी रहा हूं। एक खिलाड़ी और कप्तान के तौर पर मैं हमेशा कोर ग्रुप को बनाए रखना चाहता था। लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि आपको कड़े फैसले लेने ही पड़ेंगे।" पोंटिंग ने माना कि बांग्लादेश ने हर विभाग में ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ा। उन्होंने कहा "बांग्लादेश ने हमसे बेहतर बल्लेबाजी की, बेहतर गेंदबाजी की और ज्यादा अनुशासन दिखाया। जब आप घर में इस तरह हारते हैं तो समझ जाइए कि सिस्टम में कहीं गड़बड़ है।"

टॉप ऑर्डर पर उठाए सवाल

पोंटिंग ने खासतौर पर ओपनिंग जोड़ी और नंबर 3 पर निशाना साधा। उनका कहना था कि मार्नस लाबुशेन और जेक वेदराल्ड के बल्ले से रन नहीं निकल रहे। मार्नस 2023 एशेज के बाद से शतक से दूर हैं और उनका औसत लगातार गिर रहा है। वहीं वेदराल्ड भी डेब्यू के बाद से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा, "हम नए लड़कों को मौका क्यों नहीं दे रहे? अगर अभी नहीं देंगे तो कब देंगे? आपको एक नया ओपनर और नंबर 3 ट्राई करना चाहिए था।"

कैसा रहा मैच का हाल

बता दें कि पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया सिर्फ 198 रन पर सिमट गई थी। स्टीव स्मिथ ने 71 रन की पारी खेली लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं पाए। जवाब में बांग्लादेश ने तंजीद हसन के शतक और कप्तान शांतो व मेहदी मिराज की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 426 रन बनाकर पहली पारी के आधार पर 228 रन की विशाल बढ़त ली। वहीं दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कैमरन ग्रीन ने शतक जड़कर संघर्ष किया और स्मिथ और कैरी ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। हालांकि, ऑस्ट्रेलिा दूसरी पारी में सिर्फ 56 रन की ही बढ़त ले पाई। इसके बाद बांग्लादेश ने 57 रन का छोटा लक्ष्य एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस मैच में हसन महमूद और मेहदी मिराज ने मिलकर 14 विकेट झटके।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article