क्रिकेट

अभिषेक नायर ने बताया, KKR टीम मैनेजमेंट के सामने क्या है नए सीजन के लिए सबसे बड़ी चुनौती

मुख्य कोच अभिषेक नायर ने बताया है कि आईपीएल 2026 से पहले तीन बार की चैंपियन टीम के लिए सही संयोजन तैयार करना सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।

Image

अभिषेक नायर (फोटो क्रेडिट KKR)

कोलकाता: कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के नए मुख्य कोच अभिषेक नायर ने शुक्रवार को कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले तीन बार की चैंपियन टीम के लिए सही संयोजन तैयार करना सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। केकेआर के लिए पिछला सत्र निराशाजनक रहा था जिसके बाद टीम में कई बदलाव किए गए। उसने कैमरन ग्रीन, फिन एलन, टिम सीफर्ट और रचिन रविंद्र जैसे बड़े नामों को टीम में शामिल किया है, लेकिन अभी तक अपने बल्लेबाजी क्रम को अंतिम रूप नहीं दिया है।

नायर ने पत्रकारों से कहा,'मुझे यह अनुमान लगाने में बहुत दिक्कत होती है कि क्या गलत हो सकता है, लेकिन मैं आपको बस इतना बता सकता हूं कि मुझे नहीं पता कि टूर्नामेंट कैसा रहेगा, लेकिन मुझे लगता है कि शुरुआत में यह सुनिश्चित करना होगा कि 29 मार्च तक हमारे पास पूरी तरह से फिट अंतिम एकादश रहे।' केकेआर 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुंबई में अपने अभियान की शुरुआत करेगा। पिछले सत्र में केवल पांच जीत दर्ज करके आठवें स्थान पर रहने वाली केकेआर को रहमानुल्लाह गुरबाज और क्विंटन डिकॉक की अनुपस्थिति में नई सलामी जोड़ी के साथ मैदान में उतरना होगा।

न्यूजीलैंड की विस्फोटक जोड़ी एलन और सीफर्ट प्रमुख दावेदार हैं। सुनील नारायण भी ओपनिंग करते हैं। ऐसे में केकेआर के लिए चार विदेशी खिलाड़ियों का चयन करना आसान नहीं होगा क्योंकि ग्रीन,रविंद्र और मथीशा पथिराना को बाहर रखना आसान नहीं होगा। नायर ने कहा,'मुझे लगता है कि अभी यही प्राथमिकता है। यह सुनिश्चित करना कि हम सही संयोजन तैयार करें। मुझे लगता है कि एक टीम के रूप में यह हमारी पहली चुनौती होगी और बाकी चीजें हम समय के साथ देखेंगे।'

सहायक कोच शेन वॉटसन ने भी कहा कि केकेआर की टीम में कई अच्छे बल्लेबाज हैं और इसलिए अंतिम एकादश का चयन करना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा,'इस केकेआर टीम की खूबसूरती यह है कि इस सत्र में हमारे पास विश्व स्तरीय बल्लेबाजों के रूप में कई बेहतरीन विकल्प मौजूद हैं। हमारे पास जिस स्तर के खिलाड़ी हैं, उससे हम एक तरह से धन के भंडार बन गए हैं। पहले मैच से ही उचित संयोजन तैयार करना टीम प्रबंधन के लिए चुनौती होगा। कैम ग्रीन जिस तरह के ऑलराउंडर हैं, उन्हें जहां भी मौका मिलेगा, मुझे पता है कि वह उसका पूरा फायदा उठाना चाहेंगे।'

केकेआर को तेज गेंदबाजी विभाग में झटके लगे हैं क्योंकि हर्षित राणा चोट के कारण बाहर हो गए हैं, जबकि पथिराना की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। लेकिन गेंदबाजी कोच ड्वेन ब्रावो ने सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती के नेतृत्व वाले स्पिन आक्रमण पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा,'हमारे पास इस पूरे टूर्नामेंट में स्पिन गेंदबाजों की सबसे बेहतरीन जोड़ी है। इसलिए गेंदबाजी के लिहाज से मुझे लगता है कि हम ठीक रहेंगे। इसके अलावा वैभव (अरोड़ा) को भी मत भूलिए, जिनका पिछले साल का प्रदर्शन शानदार रहा था।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article