क्रिकेट

सबसे तेज शतक जड़ने वाले डेविड मिलर ने उठाए चैंपियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम पर सवाल, फाइनल पर भी बोले

David Miller raise questions on Champions Trophy Schedule: दूसरे सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने वाले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेविड मिलर ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुबई से लौटने के बाद लाहौर में दूसरा सेमीफाइनल खेलना उनकी टीम के लिए आदर्श स्थिति नहीं थी। इसके अलावा उन्होंने भारत-न्यूजीलैंड फाइनल पर भी बयान दिया है।

Image

डेविड मिलर

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025
  • डेविड मिलर ने चैंपियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम पर उठाए सवाल
  • भारत-न्यूजीलैंड फाइनल पर भी बोले मिलर

ICC Champions Trophy 2025: दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर (David Miller) ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुबई से लौटने के बाद लाहौर में दूसरा सेमीफाइनल खेलना उनकी टीम के लिए आदर्श स्थिति नहीं थी। दक्षिण अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से 50 रन से हार गई थी।

कराची में ग्रुप चरण का आखिरी मैच खेलने के तुरंत बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम को अगली सुबह तड़के दुबई के लिए उड़ान पकड़नी पड़ी। हाइब्रिड मॉडल पर खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की टीमों को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए ग्रुप चरण के मैच के परिणाम आने तक दुबई में डेरा डालना पड़ा।

दक्षिण अफ्रीका ग्रुप बी से शीर्ष स्थान पर रहा था और भारत के ग्रुप ए में चोटी पर रहने के कारण उसे सेमीफाइनल खेलने के लिए वापस पाकिस्तान लौटना पड़ा। इस मैच में नाबाद शतक जड़ने वाले मिलर ने कहा, ‘‘यह भले ही एक घंटे और 40 मिनट की उड़ान है लेकिन कहने का मतलब यह है कि हमें ऐसा करना पड़ा। मैच के तुरंत बाद अगली सुबह हमें तड़के विमान पकड़ना पड़ा ताकि हम सही समय पर दुबई पहुंच सके।’’

ईएसपीएनक्रिकइंफो ने मिलर के हवाले से कहा, ‘‘और सुबह 7:30 बजे हमें वापस आना पड़ा। यह अच्छी स्थिति नहीं थी। ऐसा नहीं है कि हमने पांच घंटे की उड़ान भरी और हमारे पास मैच के लिए पूरी तरह तैयार होने के लिए पर्याप्त समय था। लेकिन फिर भी यह कोई आदर्श स्थिति नहीं थी।’’

मिलर की यह टिप्पणी उनके साथी रासी वान डेर डुसेन के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने अपने सभी मैच एक ही स्थान पर खेलने से भारत को फायदा होने का जिक्र किया था।

भारत-न्यूजीलैंड फाइनल पर मिलर का बयान

मिलर ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले के बारे में कहा, ‘‘दोनों ही बहुत अच्छी टीम हैं। भारत ने दुनिया को दिखाया है कि उनकी टीम कितनी अच्छी है। वह पिछले कई वर्षों से लगातार अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं और उनके पास वास्तव में कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं। यह शानदार मुकाबला होगा।’’

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article