Team india qualification scenario: अफगानिस्तान ने रविवार (23 जून) को सेंट विंसेंट के किंग्सटाउन के अर्नोस वेले ग्राउंड में खेले गए ICC पुरुष टी20 विश्व कप 2024 के सुपर 8 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। अफगानिस्तान के 6 विकेट पर 148 रनों के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 19.2 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 127 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया पर अफगानिस्तान की जीत ने ग्रुप 1 को काफी खुला छोड़ दिया है, और सभी चार टीमों- भारत, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश- के पास नॉकआउट में जगह सुरक्षित करने का मौका है। ऐसे में एक समय जब टीम इंडिया की जगह पक्की लग रही थी वो भी अब मुश्किल में आ गई है और टीम के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल है।
भारतीय टीम ने सुपर 8 के अपने दूसरे मैच में हाल ही में बांग्लादेश को 50 रनों से हराया था। इसके साथ ही उनके 4 अंक हो गए थे। ऑस्ट्रेलिया के भी अफगानिस्तान को हरा देती तो उसके भी 4 अंक हो जाते लेकिन ऐसा नहीं हुआ और वह अभी केवल 2 अंक पर ही टिकी हुई है। ऐसे में भारत की मुश्किलें भी बढ़ गई है। टीम को अगला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है।
भारत कैसे कर सकती है क्वालिफाई?
अगर भारत सोमवार (24 जून) को सेंट लूसिया में ऑस्ट्रेलिया को हरा देता है तो वह टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगा। अगर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच बारिश के कारण धुल जाता है, तो भारत भी सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगा। अगर भारत ऑस्ट्रेलिया से हार जाता है, तो रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम को मंगलवार को बांग्लादेश के अफगानिस्तान को हराने की उम्मीद करनी होगी। अगर अफगानिस्तान आखिरी मैच जीत जाती है और भारत आखिरी मैच हार जाती है तो तीनों टीमें 4-4 अंक पर पहुंच जाएगी ऐसे में अगर भारत की नेट रनरेट खराब रही तो वह बाहर हो सकती है।
