Can Dhruv Jurel bat in place of Rishabh Pant: भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में खेले जा रहे टेस्ट मैच में टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल हो गए हैं और इसने इंग्लैंड दौरे पर मेहमान टीम को मुश्किल में लाकर खड़ा कर दिया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट की माने तो पंत अब शेष टेस्ट श्रृंखला से बाहर हो चुके हैं और उनकी जगह ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि, बड़ा सवाल यह है कि क्या इस टेस्ट मैच में ध्रुव जुरेल क्या चोटिल पंत की जगह भी बल्लेबाजी कर सकते हैं? आइए जानते हैं आईसीसी के नियम
68वें ओवर में लगी गंभीर चोट, खून से लथपथ हुए पंत
पंत को यह चोट इंग्लैंड के खिलाफ भारत की पहली पारी के 68वें ओवर में लगी, जब उन्होंने क्रिस वोक्स की यॉर्कर लेंथ गेंद को रिवर्स-स्वीप करने की कोशिश की। लेकिन गेंद बल्ले के अंदरूनी किनारे से लगकर सीधे उनके पैर के अंगूठे पर जा लगी। इसके बाद पंत दर्द से कराह उठे और जब उन्होंने जूता और मोजा उतारा, तो देखा गया कि उनके अंगूठे से खून बह रहा था। उन्हें तुरंत मेडिकल टीम की मदद से मैदान से बाहर ले जाया गया।
क्या बल्लेबाजी भी कर सकते हैं ध्रूव जुरेल ?
आईसीसी की प्लेइंग कंडीशन के सेक्शन 24.1.2 में लिखा गया है कि "कोई भी सबस्टीट्यूट गेंदबाज़ी या बल्लेबाजी नहीं करेगा या कप्तान के रूप में कार्य नहीं करेगा, लेकिन केवल अंपायरों की सहमति से ही विकेटकीपर के रूप में कार्य कर सकता है।" इसका आसान शब्दों में मतलब है कि किसी खिलाड़ी के चोटिल होने की स्थिति में विकेटकीपिंग के लिए प्रतिस्थापन की अनुमति होती है, लेकिन वह खिलाड़ी बल्लेबाजी नहीं कर सकता। सिर्फ कंकशन (सिर की चोट) की स्थिति में ही ऐसा सब्सटीट्यूट खिलाड़ी बल्लेबाजी कर सकता है। इसी कारण जुरेल विकेट के पीछे तो नजर आएंगे, लेकिन वह टीम की बल्लेबाजी में कोई योगदान नहीं दे पाएंगे।
पहले भी चोटिल हुए थे पंत
यह पहली बार नहीं है जब पंत को इस दौरे पर चोट लगी हो। लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान भी वह फील्डिंग के दौरान बाउंड्री रोकने की कोशिश में उंगली में चोट लगा बैठे थे, जिसके कारण उन्हें कुछ समय के लिए कीपिंग से हटना पड़ा था और उस दौरान भी ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी संभाली थी।
बल्लेबाजी में एक खिलाड़ी कम, टीम इंडिया के सामने चयन की चुनौती
पंत के बाहर होने से भारतीय टीम की बल्लेबाजी लाइनअप कमजोर हो गई है। यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट इस स्थिति से कैसे निपटता है। क्या कोई ऑलराउंडर को ऊपर भेजा जाएगा या फिर रणनीति में कोई बड़ा बदलाव होगा? फिलहाल यह साफ है कि पंत का बाहर होना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका है।
