क्रिकेट

ENG vs NZ 2nd Test Day 3: हेनरी निकोल्स के शतक और मैट हेनरी के पंजे की बदौलत ड्राइविंग सीट पर न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन अपनी पकड़ मैट हेनरी के पांच विकेट और हेनरी निकोल्स की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत मजबूत कर ली है।

Image

ओवल टेस्ट में शतक जड़ने के बाद अभिवादन करते हेनरी निकोल्स

Photo : AP

लंदन: न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन अपनी पकड़ मैट हेनरी के पांच विकेट और हेनरी निकोल्स की नाबाद शतकीय पारी(119) की बदौलत मजबूत कर ली है। पहली पारी में 100 रन की बढ़त हासिल करने के बाद कीवी टीम ने अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 252 रन बना लिए हैं। हेनरी निकोल्स 119 और डेरिल मिचेल 32 रन बनाकर खेल रहे हैं। न्यूजीलैंड के पास कुल 352 रन की बढ़त हो गई है और इंग्लैंड के ऊपर हार का खतरा मंडराने लगा है।

291 रन पर ढही इंग्लैंड की पहली पारी

तीसरे दिन की शुरुआत इंग्लैंड ने 6 विकेट पर 222 रन के साथ की। इंग्लैंड ने 9 विकेट 238 रन पर दिन के पहले सत्र में ही गंवा दिए थे। ऐसे में मैथ्यू फिशर ने सोनी बाकेर के साथ मिलकर टीम को 291 रन तक पहुंचा दिया। फिशर 50(77) रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने सबसे ज्यादा 5 विकेट चटकाए। वहीं दो विकेट विल ओ'रूर्के की झोली में गए। एक-एक सफलता काईल जैमीसन और नाथन स्मिथ को मिली।

खराब रही दूसरी पारी में न्यूजीलैंड की शुरुआत

पहली पारी में 100 रन की बढ़त हासिल करने के बाद दोबारा बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत खराब रही। तीसरे ही ओवर में कप्तान टॉम लैथम 4(5) रन बनाकर आर्चर की गेंद पर विकेटकीपर के हाथों लपके गए। इसके बाद नौवें ओवर की पहली गेंद पर डेवोन कॉन्वे को जोश टंग (11) को कैच कराकर कीवी टीम को दूसरा झटका दे दिया। 28 रन पर न्यूजीलैंड ने दो विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में हेनरी निकोल्स ने रचिन रवींद्र के साथ मोर्चा संभाला।

निकोल्स और रवींद्र के बीच हुई शतकीय साझेदारी

निकोल्स और रवींद्र ने विकेटों की पतझड़ पर लगाम लगाते हुए टीम को 100 रन के पार पहुंचाया और तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 127 गेंद में पूरी कर ली। इस दौरान निकोल्स ने अपना अर्धशतक 72 गेंद में 6 चौके की मदद से और रचिन रवींद्र ने 79 गेंद में 11 चौके की मदद से पूरा कर लिया। दोनों स्कोर को 189 रन तक ले गए। दोनों की साझेदारी 42वें ओवर में टूट गई। जैकब बैथेल ने रविंद्र को एलबीडब्लू कर दिया। वो 76(99) रन बना सके।

हेनरी निकोल्स ने जड़ा शतक, 352 रन की हुई न्यूजीलैंड के पास बढ़त

रचिन रवींद्र के आउट होने के बाद निकोल्स का साथ देने डेरिल मिचेल आए। दोनों टीम को 200 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद निकोल्स ने अपना शतक 136 गेंद में पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 14 चौके जड़े। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड का कोई विकेट नहीं गिरा। निकोल्स 119 और डेरिल मिचेल 32 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। कीवी टीम के पास कुल बढ़त 352 रन की हो गई है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article