England Women cricket team create history: लॉर्ड्स में शनिवार को खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारत को 8 विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने अपने घरेलू मैदान पर सर्वाधिक महिला वनडे मैच जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
घरेलू मैदान पर सबसे ज़्यादा जीत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम
इंग्लैंड की महिला टीम ने अब तक 182 घरेलू वनडे मुकाबलों में से 121 मैचों में जीत हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया महिला टीम को पीछे छोड़ दिया है, जिसने 146 घरेलू वनडे में 120 जीत दर्ज की थी।इस सूची में न्यूजीलैंड तीसरे स्थान पर है, जिसने 166 में से 86 मैच जीते हैं, जबकि भारत महिला टीम 131 में से 81 मैच जीतकर चौथे पायदान पर है।
भारत की धीमी शुरुआत, मंधाना ने दी स्थिरता
लॉर्ड्स में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और 6 रन के स्कोर पर प्रतीका रावल (3 रन) के रूप में पहला विकेट गिर गया।इसके बाद स्मृति मंधाना ने जिम्मेदारी संभालते हुए 51 गेंदों में 42 रन की अहम पारी खेली, जिसमें पांच शानदार चौके शामिल थे।
दीप्ति, हरलीन और अरुंधति की छोटी लेकिन उपयोगी पारियां
मंधाना के बाद दीप्ति शर्मा ने भी मोर्चा संभालते हुए 34 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाए। इसके अलावा हरलीन देओल (16 रन) और अरुंधति रेड्डी (14 रन) ने भी टीम के स्कोर में योगदान दिया।बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में भारत की पारी 29 ओवर में 8 विकेट पर 143 रन पर सिमट गई।
इंग्लैंड की घातक गेंदबाज़ी
इंग्लैंड की ओर से सोफी एक्लेस्टोन ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया और 3 विकेट झटके। इसके अलावा एम अलॉर्ट और लिंसे स्मिथ ने दो-दो विकेट, जबकि चार्ली डीन ने एक विकेट हासिल किया।
इंग्लैंड की सधी हुई शुरुआत और बारिश के बाद आसान लक्ष्य
143 रन के जवाब में इंग्लैंड को शुरुआत में 29 ओवरों में 144 रन का लक्ष्य मिला था। एमी जोन्स और टैमी ब्यूमोंट ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और 10.2 ओवर में 54 रन की साझेदारी की।टैमी ब्यूमोंट ने 35 गेंदों में 34 रन बनाए और आउट हो गईं। इसके बाद एमी जोन्स ने कप्तान नेट साइवर-ब्रंट के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े।
बारिश से लक्ष्य में हुआ बदलाव, इंग्लैंड ने आसानी से जीत दर्ज की
19वें ओवर में एक बार फिर बारिश ने खलल डाला और इंग्लैंड को नया लक्ष्य दिया गया। डकवर्थ-लुईस नियम के तहत इंग्लैंड को 24 ओवरों में 115 रन का संशोधित लक्ष्य मिला।इंग्लैंड ने यह लक्ष्य 21 ओवर में ही हासिल कर लिया। एमी जोन्स 57 गेंदों में नाबाद 46 रन बनाकर विजयी रहीं, जबकि कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने 21 रन का योगदान दिया।भारत की ओर से क्रांति गौड़ और स्नेह राणा ने एक-एक विकेट लिया।
सीरीज 1-1 से बराबर, निर्णायक मुकाबला 22 जुलाई को
यह तीन मुकाबलों की सीरीज अब 1-1 से बराबर हो गई है। सीरीज का तीसरा और निर्णायक वनडे मुकाबला 22 जुलाई को चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करने की पूरी कोशिश करेंगी।
(आईएनएस)
