क्रिकेट

ENG vs IND 1st T20 Match Preview: आज भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का होगा आगाज, जानिए पहले मैच से जुड़ी खास बातें

India vs England 1st T20I Preview: आज से भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज शुरू होने जा रही है। भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के दौरे पर है। हाल में टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों की सीरीज में 0-2 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। आज इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में कैसा होगा टीम संयोजन, क्या वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका मिलेगा, ऐसे तमाम सवालों से जुड़े जवाब यहां जानिए।

Image

आज से भारत-इंग्लैंड टी20 सीरीज का आगाज (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम इंग्लैंड टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 2026
  • आज भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच
  • वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर रहेंगी फैंस की नजरें

England vs India 1st T20 Match Preview: वैभव सूर्यवंशी का बहुप्रतीक्षित पदार्पण और मुश्किल विकेटों पर बल्लेबाजी की कमजोरियां इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रही पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भारत के लिए चर्चा का मुख्य विषय रहेंगे। भारत के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने कहा है कि सूर्यवंशी को भी किसी अन्य क्रिकेटर की तरह एकादश में जगह पाने के लिए ’प्रक्रिया से गुजरना होगा और सही समय का इंतजार करना होगा’। साथ ही उन्होंने यह कहने में कोई हिचकिचाहट नहीं दिखाई कि 15 साल का यह आक्रामक खिलाड़ी कड़ी मेहनत के लिए तैयार दिखता है। पहला टी20 मैच भारतीय समय के मुताबिक रात 10:00 बजे से शुरू होगा।

लेकिन यह देखना बाकी है कि क्या प्रबंधन इस बात पर अडिग रहेगा कि सूर्यवंशी को प्रक्रिया का पालन करना चाहिए जबकि इस विस्फोटक बल्लेबाज को टीम में शामिल करने की मांग तेज हो रही है। डोएशे ने माना कि पिछले हफ्ते आयरलैंड से मिली 0-2 की हार के बाद टीम में निराशा है और यह बड़े बदलावों का कारण बन सकता है।

आयरलैंड के खिलाफ संजू सैमसन की दोहरी विफलता उन्हें बाहर बैठाने और सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करने का मौका देने का कारण हो सकती है। अभिषेक को बेलफास्ट में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में 20 गेंद में 49 रन की पारी के कारण फिर मौका मिल सकता है।

इशान किशन भी आयरलैंड के खिलाफ दो मैच की श्रृंखला में कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए और एक तथा 12 रन पर आउट हो गए।

इसलिए प्रबंधन सूर्यवंशी को शामिल करने के लिए उन्हें भी बाहर कर सकता है लेकिन वे इस बात पर विचार करेंगे कि ऐसे कदम का बाहर किए गए बल्लेबाज़ के मनोबल पर क्या असर पड़ सकता है।

अगर सैमसन को देखें तो उन्होंने इस साल टी20 विश्व कप के अंतिम चरण के मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया था और आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए दो शतक भी लगाए थे। हालांकि चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर की अगुवाई वाला टीम प्रबंधन कड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटता और जिन्हें शक है वे सूर्यकुमार यादव का उदाहरण देख सकते हैं।

उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव को पदार्पण का मौका दिया जिससे सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय पदार्पण के लिए इंतजार करना पड़ा। हालांकि सिर्फ सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने से भारत की बल्लेबाजी की समस्याओं का तुरंत समाधान नहीं हो जाएगा क्योंकि इन समस्याओं के कई पहलू हैं।

तेज गेंदबाजों की अनुकूल बेलफास्ट की पिच पर कोई भी भारतीय बल्लेबाज सहज नहीं दिख रहा था। जब हालात और आयरलैंड के गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी ने आक्रामक बल्लेबाजी के रास्ते बंद कर दिए तो भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशानी हुई।

दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय तिलक वर्मा ने संभलकर खेलते हुए अर्धशतक जड़ा लेकिन 46 गेंद तक टिके रहने के बाद उनका भी सब्र जवाब दे गया।आयरलैंड के हासिल किए जा सकने वाले 183 और 155 के लक्ष्यों के खिलाफ भारत के अन्य बल्लेबाजों में भी बेसब्री साफ नजर आई। इसके लिए आईपीएल की सपाट पिचों पर बल्लेबाजी करने के तरीके से अलग सोच की जरूरत थी लेकिन ऐसा देखने को नहीं मिला।

भारतीय बल्लेबाजों को अपनी सोच और खेलने के तरीके में बदलाव करना होगा क्योंकि इंग्लैंड में भी लगभग ऐसे ही हालात होंगे और वहां अधिक बेहतर और अनुभवी खिलाड़ियों से सामना होगा।

इंग्लैंड के पास जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, साकिब महमूद और सोनी बेकर जैसे बहुत तेज गति वाले गेंदबाज हैं और आदिल रशीद तथा रेहान अहमद जैसे चतुर स्पिन गेंदबाज भी हैं। रिवरसाइड ग्राउंड पर औसत टी20 अंतरराष्ट्रीय स्कोर 138 और उच्चतम स्कोर 195 है जो यहां खेले गए पिछले आठ मैच में गेंदबाजों के दबदबे की ओर इशारा करता है। इसलिए अगर बल्लेबाज विरोधी टीम की गेंदबाजी और यहां की पिचों के हिसाब से ढलने में अधिक समय लेते हैं तो इंग्लैंड बहुत तेजी से पांच मैच की सीरीज जीत सकता है। भारत के नए टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान श्रेयस अय्यर निश्चित रूप से लगातार दूसरी श्रृंखला हारना नहीं चाहेंगे।

इंग्लैंड के बल्लेबाजी क्रम में भी कप्तान हैरी ब्रूक, जोस बटलर, जोर्डन कॉक्स, जैकब बेथेल, विल जैक्स, फिल सॉल्ट और टॉम बैंटन जैसे दमदार खिलाड़ी हैं। आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती पकड़ बनाने के बाद बीच के ओवरों में विरोधी बल्लेबाजों को आसानी से रन बनाने दिए।

अगर ऐसा ही दोबारा हुआ तो इंग्लैंड के बल्लेबाज इसका और भी बेरहमी से फायदा उठाएंगे। इस संदर्भ में भारत को अपने गेंदबाजों, विशेषकर स्पिनरों अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर से अधिक संगठित प्रयास की जरूरत होगी जो अब तक अधिकतर बेअसर रहे हैं।

टीमें इस प्रकार हैं

भारतीय क्रिकेट टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, इशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी।

इंग्लैंड क्रिकेट टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, जोर्डन कॉक्स, सैम कुरन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article