क्रिकेट

Duleep Trophy: बीमार मोहम्मद सिराज बाहर, जडेजा को भी आराम, यहां देखें दलीप ट्रॉफी की चारों टीमें

Duleep Trophy 2024 Squads: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज बीमारी के कारण दलीप ट्रॉफी के पहले दौर के मैच में नहीं खेल पाएंगे जबकि बीसीसीआई की राष्ट्रीय चयन समिति ने रविंद्र जडेजा की आराम की अवधि बढ़ा दी है। राष्ट्रीय चयन समिति ने मंगलवार को प्रतिभागी टीमों में कुछ बदलाव भी किए। यहां देखिए दलीप ट्रॉफी की तीनों टीमें।

Image

मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा (BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • दलीप ट्रॉफी 2024
  • मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा हुए बाहर
  • टूर्नामेंट की टीमों में हुए कुछ बदलाव

Duleep Trophy 2024: तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज बीमारी के कारण दलीप ट्रॉफी के पहले दौर के मैच में नहीं खेल पाएंगे जबकि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की राष्ट्रीय चयन समिति ने अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की आराम की अवधि बढ़ा दी है। राष्ट्रीय चयन समिति ने मंगलवार को प्रतिभागी टीमों में कुछ बदलाव भी किए।

दलीप ट्रॉफी के पहले दौर में दो मैच शामिल होने हैं जो पांच से आठ सितंबर तक खेले जाएंगे। इसमें भारत ए का मुकाबला भारत बी से बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा जबकि भारत सी की टीम भारत डी से अनंतपुर के ग्रामीण विकास ट्रस्ट स्टेडियम ए में खेलेगी। श्रीलंका में भारत के पिछले दौरे का हिस्सा रहे सिराज और उमरान मलिक दोनों पहले दौर के मैचों से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह क्रमशः नवदीप सैनी और गौरव यादव को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।

बीसीसीआई ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘सिराज और मलिक दोनों बीमार हैं और उनके दलीप ट्रॉफी मुकाबलों के लिए समय पर फिट होने की उम्मीद नहीं है।’’ बोर्ड ने कहा, ‘‘ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को भी टीम बी से रिलीज कर दिया गया है।’’ जडेजा ने अपना पिछला प्रतिस्पर्धी मैच जून में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 विश्व कप फाइनल के रूप में खेला था। उन्हें श्रीलंका में एकदिवसीय श्रृंखला से आराम दिया गया था।

मध्य प्रदेश के रहने वाले 32 वर्षीय यादव ने रणजी ट्रॉफी के पिछले सत्र में पुडुचेरी के लिए सात मैच में 41 विकेट चटकाए थे और देश की प्रमुख घरेलू प्रतियोगिता में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।

संशोधित टीमें इस प्रकार हैं

भारत ए: शुभमन गिल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, केएल राहुल, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, तनुश कोटियन, कुलदीप यादव, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, खलील अहमद, आवेश खान, विद्वथ कावेरप्पा, कुमार कुशाग्र, शाश्वत रावत।

भारत बी: अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, सरफराज खान, ऋषभ पंत, मुशीर खान, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, नवदीप सैनी, यश दयाल, मुकेश कुमार, राहुल चाहर, आर साई किशोर, मोहित अवस्थी, एन जगदीशन।

भारत सी: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), साई सुदर्शन, रजत पाटीदार, अभिषेक पोरेल, सूर्यकुमार यादव, बी इंद्रजीत, रितिक शौकीन, मानव सुथार, गौरव यादव, विशाक विजयकुमार, अंशुल खंबोज, हिमांशु चौहान, मयंक मारकंडेय, आर्यन जुयाल, संदीप वारियर।

भारत डी: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अथर्व ताइडे, यश दुबे, देवदत्त पडिक्कल, ईशान किशन, रिकी भुई, सारांश जैन, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, आदित्य ठाकरे, हर्षित राणा, तुषार देशपांडे, आकाश सेनगुप्ता, केएस भरत, सौरभ कुमार।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article