क्रिकेट

DPL 2025: नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने खोला जीत का खाता, आउटर दिल्ली वॉरियर्स को दी मात

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने बुधवार को खेले गए मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स को 19 रन के अंतर से मात देकर डीपीएल 2025 में अपनी पहली जीत दर्ज की। जानिए कैसा रहा मैच का हाल?

Image

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स(फोटो क्रेडिट DPLT20 X)

नई दिल्ली: नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग-2025 (डीपीएल) के नौवें मैच में आउटर दिल्ली वॉरियर्स को 19 रन से शिकस्त दी। इसी के साथ स्ट्राइकर्स ने सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज कर ली, जबकि वॉरियर्स को दूसरी हार का सामना करना पड़ा है।

नॉर्थ दिल्ली ने खड़ा किया 163 रन का स्कोर

मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने निर्धारित ओवरों में सात विकेट खोकर 163 रन बनाए। टीम को सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। वैभव कांडपाल और सार्थक रंजन के बीच 8.4 ओवरों में 55 रन की साझेदारी हुई। वैभव 33 गेंदों में एक छक्के और पांच चौकों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, सार्थक रंजन ने एक छोर थामे रखा। उन्होंने 50 गेंदों में 77 रन की पारी खेलते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। इस दौरान उनके बल्ले से पांच छक्के और सात चौके निकले। सलामी बल्लेबाजों के अलावा अर्जुन राप्रिया (नाबाद 17) इस पारी में दहाई का आंकड़ा छूने वाले तीसरे खिलाड़ी रहे। विपक्षी टीम की ओर से सिद्धार्थ शर्मा, हर्ष त्यागी और कमल बैरवा ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि शिवम शर्मा के नाम एक विकेट रहा।

विजयी लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी आउटर दिल्ली की टीम

इसके जवाब में आउटर दिल्ली वॉरियर्स की टीम 20 ओवरों के खेल तक नौ विकेट खोकर 144 रन ही बना सकी। टीम को 21 के स्कोर पर प्रियांश आर्य के रूप में बड़ा झटका लगा। प्रियांश महज आठ रन बनाकर चलते बने। इसी स्कोर पर टीम ने वरुण यादव (0) का विकेट भी गंवा दिया। वॉरियर्स ने 64 रन तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे। यहां से केशव डबास और ध्रुव सिंह ने पांचवें विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। केशव डबास ने 26 गेंदों में दो छक्कों और तीन चौकों की मदद से 40 रन बनाए। ध्रुव ने 10 गेंदों में 17 रन की पारी खेली। विपक्षी टीम की ओर से विकास दीक्षित और कुलदीप यादव ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए, जबकि हर्षित राणा ने दो विकेट झटके। दीपांशु गुलिया ने एक विकेट चटकाया।

पहले मैच में नॉर्थ दिल्ली को मिली थी करारी हार

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने इस सीजन अपना पहला मैच सेंट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ खेला था, जिसे आठ विकेट से गंवाया। वहीं, आउटर दिल्ली वॉरियर्स की टीम न्यू दिल्ली टाइगर्स के विरुद्ध 40 रन से शिकस्त झेलने के बाद 'पुरानी दिल्ली 6' को 82 रन से मात दे चुकी थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article