क्रिकेट

DPL 2025: आचार संहिता के उल्लंघन पर साउथ दिल्ली और वेस्ट दिल्ली के पांच खिलाड़ियों पर लगा मोटा जुर्माना

नीतीश राणा सहित पांच क्रिकेटरों पर शनिवार को यहां साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और वेस्ट दिल्ली लायंस के बीच दिल्ली प्रीमियर लीग के मुकाबले के दौरान जुर्माना लगाया गया।

Image

नीतीश राणा(फोटो क्रेडिट @DelhiPLT20 X)

नई दिल्ली: भारतीय खिलाड़ी नीतीश राणा सहित पांच क्रिकेटरों पर शनिवार को यहां साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और वेस्ट दिल्ली लायंस के बीच दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के मैच में आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 30 से 100 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया गया। कप्तान नीतीश राणा के तूफानी शतक की बदौलत वेस्ट दिल्ली लायंस ने शुक्रवार को एलिमिनेटर में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को सात विकेट से हराकर डीपीएल के क्वालीफायर 2 में प्रवेश किया।

कृष यादव की कटी 100 प्रतिशत मैच फीस

वेस्ट दिल्ली लायंस के कृष यादव को मैच के दौरान अभद्र व्यवहार करने के लिए अधिकतम सजा दी गई है। उन पर मैच फीस का 100 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। डीपीएल के एक बयान में कहा गया है,'कृष यादव पर मैच के दौरान विरोधी टीम के खिलाड़ी के लिए अपशब्द कहने और खिलाड़ी की तरफ बल्ला तानने के लिए अनुच्छेद 2.3 (2) के तहत आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 100 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।'

दिग्वेश राठी पर हुआ 80 प्रतिशत फीस का जुर्माना

इसमें कहा गया है, 'दिग्वेश राठी (साउथ दिल्ली सुपरस्टार) पर खेल भावना के विपरीत आचरण के लिए अनुच्छेद 2.2 (2) के तहत आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 80 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। नीतीश राणा (वेस्ट दिल्ली लायंस) पर विरोधी टीम के खिलाड़ी के प्रति आक्रामक रवैया अपनाने और आपत्तिजनक इशारा करने के लिए अनुच्छेद 2.6 (1) के तहत आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।'

इनके अलावा अमन भारती (साउथ दिल्ली सुपरस्टार) पर आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 30 प्रतिशत और साउथ दिल्ली सुपरस्टार के ही सुमित माथुर पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article